
वॉशिंगटन। दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 6.19 करोड़ के पार हो गया। 4 करोड़ 27 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 14 लाख 48 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। अमेरिका के अस्पतालों पर बेतहाशा बोझ बढ़ रहा है। एक आंकड़े के मुताबिक, सिर्फ एक महीने में यहां अस्पतालों में भर्ती संक्रमितों का आंकड़ा दोगुना हो गया। कुछ दिन पहले संक्रमण पर काबू पाने में कामयाब रहे जर्मनी में मामले 10 लाख हो गए हैं।
अमेरिका में हालात सुधरते नहीं दिखाई देते। यहां के अस्पतालों में इस वक्त 90 हजार से कुछ ज्यादा संक्रमित भर्ती हैं। द गार्डियन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक महीने में संक्रमितों की संख्या करीब दोगुनी हो गई है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह रफ्तार महामारी शुरू होने के बाद सबसे ज्यादा है। कुछ अस्पतालों में तो मेक शिफ्ट वॉर्ड बनाए गए हैं, क्योंकि यहां मरीजों की संख्या ज्यादा हो गई है। लास एंजिलिस में बढ़ते संक्रमण से परेशान लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ने कुछ काउंटीज में लॉकडाउन लगा दिया है। कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया।
क्रिसमस करीब है और संक्रमण काबू में आता नहीं दिखता। अमेरिका में फेस्टिव सीजन के चलते लोग काफी यात्रा कर रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इससे टेस्टिंग मुश्किल हो रही है। थैंक्सगिविंग हॉलीडेज में टेस्टिंग कम हो गई। इसकी वजह से संक्रमितों का पता कम लग रहा है। जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर लीना वेन ने कहा- अगर हम टेस्टिंग से बचेंगे तो खतरा बढ़ता जाएगा।
यह भी पढ़ें-दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 6.12 करोड़ के पार पहुंचा