दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 7.59 करोड़ के पार, इटली में क्रिसमस पर लॉकडाउन

दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 7.59 करोड़ के ज्यादा हो गया। 5 करोड़ 32 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 16 लाख 80 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। अमेरिका ने फाइजर के बाद मॉडर्ना की वैक्सीन को भी मंजूरी दे दी है। ट्रम्प एडिमिनिस्ट्रेशन ने इस वैक्सीन को मंजूरी के पहले ही बड़े पैमाने पर ऑर्डर दे दिया था। इटली सरकार ने साफ कर दिया है कि वो इस साल क्रिसमस पर भी किसी तरह की ढील बरतने नहीं जा रही। देश में लॉकडाउन रहेगा।

अमेरिका ने दो हफ्तों में दूसरी वैक्सीन को मंजूरी दे दी है। फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने शुक्रवार रात मॉडर्ना के वैक्सीन को मंजूरी दे दी। इसके पहले फाइजर के वैक्सीन को मंजूरी दी गई थी। दोनों मामलों में एक चीज कॉमन रही। दोनों को मंजूरी देने के लिए FDA के ही एक पैनल ने जल्द मंजूरी देने का दबाव बनाया। हालांकि, यह पैनल भी अमेरिकी एक्सपर्ट्स का ही था। इस वैक्सीन को भी RNA टेक्नोलॉजी से ही तैयार किया गया है।

न्यूज एजेंसी ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा कि इस हफ्ते के अंत तक मॉडर्ना करीब 60 लाख वैक्सीन अमेरिकी सरकार को सौंप देगी। मॉडर्ना के वैक्सीन को मंजूरी करीब 30 हजार वॉलेंटियर्स पर तीन फेज के ट्रायल के बाद दी गई है। ट्रायल के दौरान इसे 95% इफेक्टिव पाया गया। FDA कमिश्नर स्टीफन एम हान ने कहा- अब हमारे पास कोविड-19 से निपटने के लिए दो वैक्सीन हैं। इनका इस्तेमाल व्यापक स्तर पर शुरू कर दिया गया है। अमेरिका में दो करोड़ वैक्सीन पहुंच चुकी हैं। माना जा रहा है कि अगले साल के अंत तक यह संख्या 20 करोड़ हो जाएगी। ये फुल डोज होंगे।