देश आगे बढ़ रहा किंतु राजस्थान पिछड़ रहा है : दीप्ति किरण माहेश्वरी

भारतीय जनता युवा मोर्चा की नवगठित कार्यकारिणी का सम्मान समारोह एमड़ी ग्राम में आयोजित हुआ। विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने कार्यकारिणी सदस्यों का पगड़ी व उपरणा ओढ़ा कर स्वागत किया। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं से वार्ता करते हुए विधायक दीप्ति ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने कोरोना संकट काल को पीछे छोड़ते हुए विकास की नई गति पकड़ी है।

यह हमारा दुर्भाग्य है कि जहां देश और अन्य राज्य विकास की दौड़ में आगे बढ़ रहे हैं वही राजस्थान पिछड़ता जा रहा है। कांग्रेस के कुशासन में अपराधियों एवं भ्रष्टाचार को संरक्षण और बिगड़ती कानून व्यवस्था के कारण राजस्थान में नए उद्योग व्यवसाय नहीं आ रहे हैं।

विधायक दीप्ति किरण ने कहा कि राजस्थान सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण राजस्थान अपराध और बेरोजगारी में देश में शीर्ष स्थान पर है। सरकार राजस्थान की विकास की चिंता करने के स्थान पर आपसी गुटबाजी में उलझी हुई है। महंगी बिजली, महंगे पेट्रोल एवं डीजल और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण उद्यमी राजस्थान आना नहीं चाहते हैं। युवा मोर्चा के कार्यकर्ता गांव-गांव, घर-घर कांग्रेस कुशासन में पिछड़ते राजस्थान की कहानी बताएं।

विधायक दीप्ति किरण माहेश्वरी ने रेलमगरा में सामाजिक एवं अन्य कार्यक्रमों में भाग लिया। वहां पर महिलाओं से चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना में निशुल्क अन्न वितरण कार्यक्रम विश्व का सबसे बड़ा निशुल्क खाद्यान्न अभियान है। राजस्थान को इससे बहुत अधिक लाभ मिला है।

राज्य के एक करोड से अधिक परिवारों के लगभग 4.50 करोड़ नागरिकों को निशुल्क अनाज वितरित किया जा रहा है। राजस्थान में प्रतिमाह लगभग सवा दो लाख टन गेहूं निशुल्क वितरित किया जा रहा है। निशुल्क अनाज वितरण एवं ग्रामीण रोजगार योजना के कारण कोरोना महामारी में भी देश में कहीं भी भुखमरी का संकट उत्पन्न नहीं हुआ। उन्होंने राजस्थान में महिलाओं के साथ बढ़ रहे अपराधों पर राज्य सरकार की ढुलमुल नीतियों की कड़ी आलोचना की और कहा कि कांग्रेस की प्रकृति मूलतः महिला विरोधी है।

यह भी पढ़ें-01 बालोतरा से मुनि श्री स्वास्तिक कुमार आदि ठाणा ने किया विहार