
-
श्रद्धा और समरसता का अद्भुत संगम है अयोध्या धाम : देवनानी
जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने बुधवार को अयोध्या में परिवारजन के साथ राम मंदिर, हनुमानगढी और कनक महल के दर्शन किये। मंदिर में देवनानी ने पूजा अर्चना कर देश व प्रदेश की खुशहाली व समृद्धि की कामना की।
देवनानी ने कहा ” मंदिर नव्य, भव्य, दिव्य और अभूतपूर्व है। यह भारतीय संस्कृति का वाहक, स्वाभिमान और श्रद्धा का प्रतीक है। अद्भुत प्राकृतिक वातावरण, सरयू का तट और मंदिर की बेजोड शिल्प कला को निहार कर उमंग की अनुभूति होती है। अयोध्या प्रवास उल्लास और उत्सव के पल हैं, जो जीवन भर मन को आनन्दित करते रहेंगे।

हमारा अतीत समृद्ध था. वर्तमान सुंदर है और भविष्य उज्ज्वल है। मंदिर निर्माण से राष्ट्र को नई दिशा मिली है। मंदिर का वास्तु और शिल्प कार्य ऐतिहासिक है। यह पावन स्थल एकता. श्रद्धा, भक्ति और समरसता का अविस्मरणीय संगम है। यह भव्य मंदिर भारत के उत्कर्ष का मार्ग है।
हमारी सोच सामूहिक और संगठित हो तो लक्ष्य की प्राप्ति अवश्य संभव होती है। अब अयोध्या विश्व में आमजन, संतो, पर्यटकों, और शोधार्थियों का प्रमुख स्थल बन गया है। इस भव्य मंदिर के दर्शन कर मैं व मेरा परिवार प्रफुल्लित हो गया है। मन भाव-विभोर हो गया है। जीवन हर्ष और उल्लास से भर गया है।”
देवनानी ने विश्व परिवार दिवस पर दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएँ- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने विश्व परिवार दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दी है। देवनानी ने कहा है कि परिवार इंसानी संवेदनाओं की मजबूत डोर का नाम है।
परिवार में रहकर ही बच्चे भाषा, समृद्ध, रीति-रिवाज, परम्पराएँ एवं सामाजिक मूल्यों को सीखते है। परिवार ही युवा पीढी को सभी को साथ लेकर चलना सीखाता है। विश्व परिवार दिवस पर देवनानी ने परिवारजन सहित अयोध्या में राम मंदिर, हनुमानगढी, कनक महल और सरयू नदी के तट पर पूजा अर्चना की।
पूर्व उपराष्ट्रपति स्व.शेखावत जनहितैषी थे- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पूर्व उपराष्ट्रपति एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भैरोसिंह शेखावत को उनकी 14वीं पुण्यतिथि पर स्मरण करते हुए कहा कि वे आजीवन राष्ट्रहित के लिये कार्य करते रहे। वें जनहितैषी थे। राजस्थान के मुख्यमंत्री रहने के दौरान उन्होंने ग्रामीण विकास के लिये महत्वपूर्ण योजनाओं का क्रियान्वयन किया।
राजस्थान विश्वविद्यालय में विधानसभा सदस्य का मनोनयन- राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने राजस्थान विश्वविद्यालय के सिंडिकेट में सिविल लाईन्स (जयपुर) विधायक गोपाल शर्मा को सदस्य मनोनयन किये जाने की सहमति प्रदान की है।