
चूरू। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड के तत्वावधान में मंगलवार को भारत स्काउट गाइड का 71 वां स्थापना दिवस स्काउट गाइड झण्डा दिवस के रुप में मनाया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर साँवर मल वर्मा ने राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा जारी स्टिकर का विमोचन किया एवं स्काउट-गाइड आन्दोलन को अपनी शुभकामनाएँ दी, आर्थिक सहयोग प्रदान किया।
जिला कलेक्टर ने कहा कि स्काउट-गाइड आन्दोलन विश्व के सबसे बड़े एन.जी.ओ.के रूप में हमारे बालक-बालिकाओं को सुनागरिकता की शिक्षा प्रदान करता हैं। उन्होंने जन साधारण से झण्डा दिवस पर सहयोग का आह्वान करते हुए जिले के प्रत्येक विद्यालय-महाविद्यालय में स्काउट गाइड गतिविधि को अनिवार्य रुप से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार महर्षि, स्काउट सीओ महिपाल सिंह तंवर, स्काउटर ओम प्रकाश रोवर यशवीर सिंह, नमन कुमार, रेंजर पूनम कुमारी, मनीषा, विनोद कुमारी, निकिता एवं स्काउट गाइड उपस्थित थे।
स्काउट सीओ महिपाल सिंह तँवर ने बताया कि राष्ट्र में स्काउट गाइड संगठन को आर्थिक दृष्टि से आत्मनिर्भर बनाने के लिए राष्ट्रीय मुख्यालय द्वारा जारी स्टिकर जिले के समस्त स्काउट गाइड द्वारा जनसाधारण को वितरित कर उनकी शुभ कामनाएँ एवं आर्थिक सहयोग प्राप्त किया जायेगा।
यह भी पढ़ें-झांबर शिविर का जिला कलक्टर ने किया विजिट, बेटियों को मास्क और औषधीय पौधे वितरित