विधायक के संरक्षण से शहर में भय व अराजकताका माहौल, पुलिस-प्रशासन गूंगा व बहरा : चांडक

श्रीगंगानगर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक चांडक मंगलवार को एक बार फिर जयपुर पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, एसीएस गृह विभाग एवं एडीजी आदि से मुलाकात कर श्रीगंगानगर शहर के मौजूदा हालात से अवगत कराया। सभी को दिए ज्ञापन में उन्होंने आरोप लगाए कि श्रीगंगानगर विधायक राजकुमार गौड़ के राजनीतिक संरक्षण से शहर में भय और अराजकता का माहौल है।

दिन दहाड़े लूटपाट, चेन स्नेचिंग, अवैध शराब की बिक्री, खुलेआम सट्टा, चिट्टा सप्लाई, अफीम जैसे मादक पदार्थों की तस्करी, जगह-जगह नाजायज कब्जे और व्यापारियों से फिरौती वसूलना आम बात हो गई है और इनमें विधायक के भानजे सुनील पहलवान की भी लिप्तता है। विधायक के दबाव के चलते समस्त पुलिस व प्रशासन गूंगा, बहरा और अंधा हो गया है। चांडक ने हाल ही में सरकार द्वारा की गई नियुक्तियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकारी विभागों में राजनीतिक नियुक्तियां की गई हैं, उसमें कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर आरएसएस व बीजेपी कार्यकर्ताओं को नियुक्त किया जा रहा है।

इतना ही नहीं, विधायक गौड़ के भानजे सुनील पहलवान व उसके साथियों ने पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में उनका गिरेबान पकड़कर मारपीट की। इन तमाम घटनाओं के बावजूद पुलिस व प्रशासन इन अपराधियों पर किसी प्रकार की कोई भी कानूनी कार्रवाई नहीं करती, जिस कारण शहर के आमजन में प्रदेश की कांग्रेस सरकार के विरुद्ध भारी आक्रोश है। उन्होंने मांग की कि सरकार इन तमाम आरोपों की किसी भी स्वतंत्र एजेन्सी से निष्पक्ष जांच करवाए।

कांग्रेस नेता अशोक चांडक ने कहा कि सीएम अशोक गहलोत से भी समय मांगा गया है। उन्हें भी शहर के हालात से अवगत कराया जाएगा। मैं कभी किसी पर आरोप नहीं लगाता। 40 साल के राजनीतिक करियर में शहर के विकास पर ही केंद्रित रहा हूं। जब भी मौका मिला, काम करवाए। आरोप लगाने के बजाय शहरवासियों को लाभ देने के प्रयास होने चाहिए। गलत काम करने वालों के साथ नहीं हूं, जो गलत है या बुरे काम करता है, उस पर कार्रवाई करवाएं।

यह भी पढ़ें-देश में सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा है हिन्दी : व्यास