
नई बाइक, पाट्र्स और फर्नीचर जले, 1 करोड़ रुपए का नुकसान
उदयपुर। उदयपुर के झल्लारा क्षेत्र के इटाली खेड़ा गांव में एक बाइक शोरूम में आग लग गई। आग से शोरूम में रखी 100 नई बाइक जलकर राख हो गई। सर्विस सेंटर और ऑटो पाट्र्स भी जलकर खाक हो गया। रात करीब 2 बजे आग लगी। सलूंबर नगर पालिका से दो दमकलें मौके पर पहुंची। इससे पहले ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग पर काबू करने का प्रयास किया। आग से करीब 1 करोड़ की हीरो कंपनी की नई बाइक और ऑटो पाट्र्स का सामान समेत फर्नीचर जल गया।

दरअसल झल्लारा क्षेत्र के इटालीखेड़ा में हीरो मोटरसाइकिल के शोरूम में रात 2 बजे अचानक आग लगी। इस दौरान शोरूम से कुछ ही दूरी पर बनी अस्थाई पुलिस चौकी पर बैठे पुलिस जवानों को धुंआ और लपटे नजर आई। इस पर हरकत में आते हुए जवानों ने तत्काल आसपास के ग्रामीणों को जगाया। पुलिस ने नगर पालिका सलूम्बर के अग्निशमन केंद्र को सूचना दी। थानाधिकारी रमेशचंद्र परमार टीम के साथ मौके पर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों में डर का माहौल
देखते ही देखते ही आग ने विकराल रूप ले लिया। एक बार तो लपटें तेज होने से ग्रामीणों में डर का माहौल हो गया। हालांकि मौके पर दमकल पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। तब तक शोरूम में सब कुछ जलकर गया था। 3 घण्टे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा जा सका। जोगमाया मोटर्स में यह आग लगी। शोरूम में हीरो कंपनी की स्पेलेंडर और सीडी डीलक्स मॉडल की बाइकें ज्यादा थीं। 70 लाख रुपए कीमत की यह बाइक थी। इसके अलावा ऑटो पाट्र्स और महंगा फर्नीचर भी जल गया। आग के कारण स्पष्ट नहीं पाए हैं। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के चलते यह आग लगी।
यह भी पढ़ें : जयपुर में अफ्रीकन स्वाइन फीवर की आहट, 15 मृत सुअर मिले