करन जौहर की कंपनी के पूर्व प्रोड्यूसर को 50 हजार के निजी मुचलके पर मिली जमानत

धर्मा प्रोडक्शन के पूर्व एग्जीक्यूटिव प्रोडयूसर क्षितिज रवि प्रसाद को NDPS कोर्ट ने गुरुवार को 50 हजार के निजी मुचलके पर जमानत दे दी। कथित ड्रग्स मामले, यानी 16/20 केस में क्षितिज को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने 26 सितंबर को अरेस्ट किया था। अदालत ने जमानत देने के साथ क्षितिज को अपना पासपोर्ट भी पुलिस स्टेशन में जमा करवाने के लिए कहा है।

ड्रग्स केस में NCB ने जेल में बंद रहने के दौरान क्षितिज प्रसाद को फिर से गिरफ्तार किया था। क्षितिज प्रसाद के साथ अगिसियालोस डेमेट्रियडे्स को भी गिरफ्तार किया गया था। दोनों को नाइजीरियन ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े एक केस में गिरफ्तार किया गया था। अगिसियालोस अभिनेता अर्जुन रामपाल की गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेट्रियडे्स का भाई है।

क्षितिज के घर NCB ने छापा भी मारा था, जिसमें थोड़ी मात्रा में ड्रग्स मिली थी। उनके घर की जांच भी की गई थी। उनकी पत्नी ने आरोप लगाया था कि अधिकारियों को बालकनी में जले हुए सिगरेट बट्स के अलावा कुछ नहीं मिला था। हालांकि, फिर भी क्षितिज को एक रात तक एजेंसी के ऑफिस में रखा गया था। बाहर आने के बाद उन्होंने आरोप लगाया था कि एंटी-ड्रग्स एजेंसी के अधिकारियों ने उनके साथ बदसलूकी की थी और उन्हें बॉलीवुड अभिनेता डीनो मोरया, अर्जुन रामपाल और रणवीर कपूर का नाम लेने के लिए मजबूर किया गया था, जबकि वो इनमें से किसी को नहीं जानते।