राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया का निधन, एक दिन का राजकीय शोक घोषित

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया का बुधवार की देर रात निधन हो गया। राज्य सरकार ने उनके निधन पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। पूर्व मुख्यमंत्री कोरोना संक्रमित थे। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस के नेता बिहार-हरियाणा के राज्यपाल भी रहे। ​

89 साल के पहाड़िया ने गुड़गांव के अस्पताल में अंतिम सांस ली। दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार होगा। उनके निधन पर राजस्थान सरकार ने एक दिन के राजकीय शोक और सरकारी दफ्तरों में छुट्टी की घोषणा की है। पहाड़िया के सम्मान में एक दिन का राजकीय शोक रहेगा एवं राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा, सभी सरकारी कार्यालयों में 20 मई का अवकाश रहेगा। पहाड़िया की अंत्येष्टि राजकीय सम्मान से होगी।

गहलोत ने ट्वीट किया,’ राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ पहाड़िया के निधन की खबर बेहद दुखद है। पहाड़िया ने मुख्यमंत्री, राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के रूप में लम्बे समय तक देश की सेवा की, वे देश के वरिष्ठ नेताओं में से थे।’

 
श्री पहाड़िया हमारे बीच से कोविड की वजह से चले गए, उनके निधन से मुझे बेहद आघात पहुंचा है। ईश्वर से प्रार्थना है शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में सम्बल दें एवं दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।