घर-घर सुंदरकांड कर युवा हनुमान मंदिर का विकास करने जुटा रहे धनराशि, अब तक 108 सुंदरकांड से जुटाए करीब 1.50 लाख रुपए

डूंगरपुर। बनकोड़ा गांव में स्थित हनुमान बालाजी धाम के विकास के लिए गांव के ही युवाओं द्वारा गठित सुंदरकांड भक्त मंडल की टीम ने शनिवार को अपने 108 सुंदरकांड पूर्ण कर लिए हैं। इन सुंदरकांड से एकत्रित करीब 1.50 लाख रुपए की धनराशि से मंदिर परिसर में संतों का निवास, बगीचा व पौधरोपण किया गया है सुंदरकांड भक्त मंडल टीम में व्यास पीठ गजेंद्र सोनी एवं राजीव व्यास, ढोलक वादक सुनील सोनी व मनन व्यास एवं कोरस में प्रियंक कच्छावा, हितेश उपाध्याय, अरविंद सुथार, दिनेश भोई, लक्ष्य आमेटा, नरेश सोनी, अरविंद सिंह शामिल है।

मंडल के संयोजक चंद्रेश भावसार ने बताया कि 108 सुंदरकांड माला पूर्ण होने पर अखंड हवनात्मक सुंदरकांड परायण का आयोजन आगामी दिनों में तय होगा। इसमें डूंगरपुर, बांसवाड़ा जिलों के विभिन्न सुंदरकांड समितियों को सुंदरकांड परायण के लिए आमंत्रित कर आयोजन की रूपरेखा बनाई जा रही है। अब तक हुए 108 सुंदरकांड से उनको करीब 1.50 लाख रुपए की धनराशि मिली है।

इस राशि से उन्होंने मंदिर में संत निवास, बगीचा, पौधरोपण किया है। मंदिर के समूचे विकास पर करीब 45 लाख रुपए खर्चा होगा। मंडल का प्रण है कि उनके द्वारा मंदिर का समूचा विकास किया जाएगा। जिसमें बगीचे में बनाएं कैलाश पर्वत पर शिव परिवार प्रतिमा स्थापित करना, हनुमान मंदिर का नवीन निर्माण एवं आधुनिक गौशाला निर्माण आदि शामिल है।

अब तक 108 स्थानों पर कर चूके : 2 जनवरी 2018 की प्रथम पूर्णिमा पर बनकोड़ा स्थित राम मंदिर पर पहला सुंदरकांड किया गया था। इसके पश्चात इस मंडल की ख्याति दूर-दूर तक फैली और प्रति माह 5 से 7 सुंदरकांड के लिए विभिन्न गांवों से निमंत्रण प्राप्त होने लगे। भक्त अपने परिजनों की स्मृति, जन्म दिवस तथा नए मकान में प्रवेश के तहत सुंदरकांड कराते हैं। 3 वर्षों से यह काम जारी है।

यह भी पढ़ें-मालवीया के मंत्री बनने की खुशी में जिले व शहर में आतिशबाजी

Advertisement