खेलों को खेल की भावना से खेलना चाहिए : भाटी

उच्च शिक्षामंत्री ने 65वीं जिला स्तरीय छात्र-छात्रा क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया

बीकानेर। उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने बज्जू में स्कूली छात्र-छात्रा की 65वीं जिला स्तरीय किक्रेट प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने पिच पर गेंद खेलकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर भाटी ने कहा कि खेलों को खेल की भावना से खेलना चाहिए। खेल की भावना से प्रतिभा को निखरने का मौका मिलता है। उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने खिलाडिय़ों को संबोधित कर कहा कि खेलों को अनुशासन खेल की भावना से खेलना आवश्यक है। इसी पर शारीरिक मानसिक विकास निर्भर है। खेलों के प्रति बच्चों की रूचि बढ़े।

भाटी ने खिलाडिय़ों का हौंसला अफजाई करते कहा कि स्वस्थ शरीर व स्वस्थ मस्तिष्क के लिए खेलना भी जरूरी है। शिक्षा के साथ-साथ कुछ समय खेल के लिए निकालें। उन्होंने कहा जिस क्षेत्र को चुने उसमें सौ प्रतिशत अपने आप को लगा दें।

भाटी ने उपस्थित खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल खेलो तो ऐसा खेलो कि पढाई बन जाए तथा पढाई करों तो ऐसी करों कि खेल बन जाए । उन्होंने कहा कि पढ़ाई के समय पढाई करनी है और खेल के समय खेल खेलना है। लेकिन जो भी करना है, मन से करना है तभी हम निश्चित रूप से आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा करने पर निश्चित सफलता मिलेगी, जो भी काम करें मन से करें।

उन्होंने इस 65 वीं क्रिकेट प्रतियोगिता की जिम्मेदारी लेने पर श्रीराम पब्लिक स्कूल के निदेशक चतराराम सोनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के साथ-साथ निजी संस्थाओं के सहयोग भी होना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के बाद ऐसा संदेश जाना चाहिए कि अन्य संस्थाएं इस प्रतियोगिता से प्रेरणा लें। यह प्रतियोगिता अपने अनुशासन और निर्णायकों के निष्पक्ष निर्णय के रूप में जानी जाए।

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार ने 350 खिलाडिय़ों को सीधी भर्ती में नियुक्ति दी है, जिन खिलाडिय़ों ने अन्तराष्ट्रीय खेलों व ओलम्पिक में भाग लिया है। डिप्टी एसपी तक के पदों पर नौकरी दी गई है।

उन्होंने कहा कि जो बच्चे अच्छा खेलते हैं और जो आगे बढ़ते हैं, उन्हें राज्य सरकार सीधी भर्ती में नौकरी दे रही है, पहली बार ऐसा प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि हरियाणा की तर्ज पर या देश के दूसरे ऐसे राज्य जहां खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन दिया जाता है, उसके अनुसार खेल नीति लाएंगे। भाटी ने कहा कि राजस्थान सरकार खेलों को बढावा दे रही है। जिन खिलाडिय़ों ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खेलों में उपलब्धि हासिल की उन्हे सीधी भर्ती में नियुक्ति दी है।

यह भी पढ़ें-जिला प्रशासन व पत्रकारों के मध्य हुआ मैत्री वॉलीबाल प्रतयोगिता