भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का गहलोत सरकार पर निशाना, कहा-कुर्सी की भूख ने आपको लोभी बना दिया

जयपुर। गहलोत सरकार पर लगातार हमले किए जा रहे हैं। रविवार सुबह भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने एक बार फिर गहलोत सरकार पर निशाना साथा। उन्होंने ट्वीट किया- जनता सब देख रही है, ईश्वर भी साक्षी है। आपका ईमान कैसे गवाही दे रहा है, कुर्सी की भूख ने आपको लोभी बना दिया। कोरोना ही नहीं, अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं, क्या बाड़े में बैठे रहना ही लोकतंत्र है? कांग्रेस बताए कब बाड़े से निकलेगी गहलोत सरकार?

सीएम गहलोत ने राज्यपाल को नया प्रस्ताव भेजा

इससे पहले भाजपा सदस्यों का एक दल शनिवार रात राज्यपाल से मिलने पहुंचा। हालांकि, बताया गया कि यह डेलिगेशन राज्य में कोरोना के हालात पर चर्चा करने के लिए पहुंचा था। इस मुलाकात के बाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा- राज्य के मुखिया (मुख्यमंत्री) ये चेतावनी देते हैं कि 8 करोड़ जनता राज्यपाल को घेर लेगी। यह गलत है। यह बयान उन्हें (मुख्यमंत्री गहलोत को) आईपीसी की धारा 124 के तहत सजा दिला सकता है।

कटारिया ने कहा- गहलोत को इस्तीफा दे देना चाहिए

भाजपा के दल ने मुख्यमंत्री के बयान के संबंध में राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा है। उधर, नेता विपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि मुख्यमंत्री राज्य के मुखिया हैं। वे खुद कह रहे हैं कि कानून-व्यवस्था की स्थिति के उल्लंघन के लिए वे जिम्मेदार नहीं होंगे। वे जिम्मेदार नहीं होंगे, तो कौन होगा? उन्हें ऐसी भाषा का उपयोग करने के लिए इस्तीफा देना चाहिए।