एंटीऑक्सीडेंट्स के लिए ग्रीन-टी ही अकेला विकल्प नहीं

एंटीऑक्सीडेंट्स के लिए
एंटीऑक्सीडेंट्स के लिए

इन चीजों का भी सेवन करके पा सकते हैं लाभ

अध्ययनों से पता चलता है कि आहार में एंटीऑक्सीडेंट्स वाली चीजों को शामिल करना शरीर के लिए कई प्रकार से लाभकारी हो सकता है। एंटीऑक्सीडेंट्स, शरीर को फ्री रेडिकल्स से होने वाले क्षति से बचाने के साथ कई गंभीर और क्रोनिक बीमारियों के जोखिम को कम करने में आपके लिए जरूरी होते हैं।

सभी उम्र के लोगों को आहार में ऐसी चीजों को जरूर शामिल करना चाहिए जो शरीर के लिए इस आवश्यक तत्व की आसानी से पूर्ति कर सके। आमतौर पर एंटीऑक्सीडेंट्स के लिए ग्रीन-टी को सबसे कारगर माना जाता है, क्या आप जानते हैं कि कई अन्य खाने-पीने वाली चीजों से भी इसकी आसानी से पूर्ति की जा सकती है?

अध्ययनों में पाया गया है कि शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में एंटीऑक्सीडेंट वाली चीजों का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है।ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस, हृदय रोग, कैंसर, गठिया, स्ट्रोक, श्वसन रोग, प्रतिरक्षा प्रणाली की समस्या, पार्किंसंस रोग और शरीर में सूजन के खतरे को बढ़ा देती है। आहार में कुछ चीजों को शामिल करके एंटीऑक्सीडेंट्स की दैनिक जरूरतों को पूरा किया जा सकता है। आइए ऐसे ही कुछ चीजों के बारे में विस्तार से जानते हैं।

डार्क चॉकलेट में होते हैं प्रभावी एंटीऑक्सीडेंट्स

डार्क चॉकलेट
डार्क चॉकलेट

अध्ययनों में पाया गया है कि डार्क चॉकलेट से शरीर के लिए आवश्यक कई प्रकार के एंटीऑक्सीडेंट्स की आसानी से पूर्ति की जा सकती है। डार्क चॉकलेट में फ्लेवनॉल्स और पॉलीफेनोल्स जैसे प्रभावी यौगिक होते हैं जिनमें एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं। एंटीऑक्सिडेंट, फ्री रेडिकल्स को बेअसर करके ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को रोकते हैं। डार्क चॉकलेट को मस्तिष्क के लिए भी लाभकारी पाया गया है, तनाव को कम करने में भी इससे लाभ मिल सकते हैं।

ब्रोकली है बहुत फायदेमंद

ब्रोकली
ब्रोकली

अध्ययनकर्ताओं की टीम ने पाया कि ब्रोकली जैसी सब्जियों को आहार का हिस्सा बनाना शरीर को कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ दे सकता है। इसमें ल्यूटिन, ज़ेक्सैंथिन और बीटा कैरोटीन जैसे अत्यंत प्रभावकारी तत्व मौजूद होते हैं जो आंखों को स्वस्थ रखने के साथ हृदय की गंभीर बीमारियों के खतरे को कम करने में आपके लिए मददगार होते हैं। ब्रोकली का सेवन करना सेहत के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है।

फलों में सेब है फायदेमंद

सेब
सेब

कई प्रकार के फलों को एंटीऑक्सीडेंट गुणों से युक्त पाया जाता है, सेब उनमें से एक है। प्रयोगशाला में हुए अध्ययनों में पाया गया है कि सेब में प्रभावी एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते है, जो कैंसर कोशिकाओं के प्रसार को रोकने और कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करके हृदय को स्वस्थ रखने में आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकता है। सेब में कई प्रकार के फाइटोकेमिकल्स भी होते हैं, जिनमें क्वेरसेटिन, कैटेचिन, फ़्लोरिडजऩि और क्लोरोजेनिक एसिड शामिल हैं, ये सभी एंटीऑक्सीडेंट प्रभाव वाले माने जाते हैं।

नट्स को बनाएं आहार का हिस्सा

नट्स
नट्स

नट्स के सेवन की आदत शरीर के लिए बहुत लाभकारी मानी जाती है। अध्ययनकर्ताओं की टीम ने पाया कि अखरोट, पेकान और चेस्टनट में एंटीऑक्सीडेंट की उच्चतम मात्रा होती है। अखरोट के एंटीऑक्सीडेंट प्रभाव मस्तिष्क और हृदय की सेहत के लिए इसे विशेष लाभकारी बनाते हैं। इसके अलावा मूंगफली, काजू और किशमिश जैसे नट्स में भी प्रभावी एंटीऑक्सीडेंट्स की श्रृंखला मौजूद होती है।

यह भी पढ़ें : लंबी उम्र के लिए वरदान है गुड़