
महाराष्ट्र में कोरोना ने दोबारा रफ्तार पकड़ ली है। पुणे में आज से 31 मार्च तक नाइट कफ्र्यू का फैसला लिया गया है। रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक आवाजाही पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। वहीं, अकोला में शुक्रवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 8 बजे तक लॉकडाउन की घोषणा की गई है।
पुणे शहर में कोरोना की रफ्तार को देखते हुए शुक्रवार को डिप्टी सीएम अजीत पवार की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसके बाद कलेक्टर सौरव राव ने कफ्र्यू की गाइडलाइन जारी की।
प्रशासन ने पुणे के लिए वैक्सीन की रफ्तार बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार से संपर्क करने का निर्णय लिया है। कलेक्टर का कहना है कि अभी रोजना वैक्सीन के लगभग 22,500 डोज दिए जा रहे हैं। इन्हें रोजाना एक लाख तक बढ़ाया जा सकता है।

महाराष्ट्र के जालना जिले में 2 हेल्थ वर्कर वैक्सीन के दोनों डोज लेने के बाद कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक अधिकारी ने बताया कि वैक्सीन लेने के कुछ दिन बाद दोनों में कोरोना के हल्के लक्षण दिखाई दिए।
उनके सैंपल की जांच की गई तो दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एडिशनल सिविल सर्जन पद्मजा सराफ ने कहा कि दोनों डोज लेने के 42 दिन बाद शरीर में एंटीबॉडी डेवलप होती है। इसलिए वैक्सीन लगवाने के बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना चाहिए।