पर्यावरण शुद्धि से ही होगा मानव जीवन का शुद्धिकरण : मुनि

चूरू। अणुव्रत उद्धबोधन सप्ताह के तहत बुधवार को राबाउमावि में पर्यावरण शुद्धि पर व्याख्यान माला का आयोजन हुआ। सेवा केंद्र व्यवस्थापक मुनि पृथ्वीराज के सान्निध्य में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थाप्रधान भगवती वर्मा ने की। जबकि, चैनरूप दायमा मुख्य अतिथि व अणुव्रत जीवन विज्ञान अकादमी अध्यक्ष रेखाराम गोदारा, महिला मंडल पूर्व अध्यक्ष प्रेम नाहटा व अमरावदेवी चोरडिया विशिष्ट अतिथि थी।

इस अवसर पर मुनि पृथ्वीराज ने कहा कि वर्तमान में पर्यावरण दूषित होता जा रहा है, ऐसे में पर्यावरण की शुद्धता को बनाए रखने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। पर्यावरण की शुद्धता से ही मानव जीवन शुद्ध होगा।

कार्यक्रम में अणुव्रत समिति अध्यक्ष प्रदीप सुराणा ने समिति की गतिविधियों से अवगत कराया। इस अवसर पर मुनि दिनकर, विनोद नाहटा, इंदिरा शर्मा, अनवर खान आदि मौजूद रहे। सुजानगढ़. अणुव्रत समिति के तत्वावधान में दस्साणी भवन में साध्वी संघप्रभा के सानिध्य में अणुव्रत उदबोधन सप्ताह का चौथा दिन पर्यावरण शुद्धि दिवस के रूप में मनाया गया। साध्वी प्रांशुप्रभा ने ‘पर्यावरण की पुकार शब्द चित्र के माध्यम से पर्यावरण शुद्ध रखने का संदेश दिया। उमराव देवी डोसी ने गीत की प्रस्तुति दी। अणुव्रत समिति अध्यक्ष महेश तंवर ने विचार व्यक्त किए।

साध्वी चैत्य प्रभा, साध्वी संघप्रभा ने भी संबोधित किया। सांवरमल जालान, निवर्तमान अध्यक्ष हेमराज नाहटा, अरविंद जालान आदि मौजूद थे। राजलदेसर. तेरापंथ भवन में साध्वी परमयशा के सान्निध्य में अणुव्रत उद्बोधन सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण शुद्धि दिवस मनाया गया।

साध्वी ने कहा कि भगवान महावीर की प्रमुख देन है पर्यावरण विज्ञान। पृथ्वी के गर्भ में जो चीजें विद्यमान हैं, उनका अति मात्रा में दोहन उचित नहीं है। जैसे हमारे भाव होंगे वैसे ही हमारा भविष्य बन जाता है। मोहम्मद शरीफ छींपा ने कहा कि प्लास्टिक की थैलियों का उपयोग कम से कम करें। जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, तेरापंथ महिला मंडल के सदस्य मौजूद रहे।

यह भी पढ़े-बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की गतिविधियों को प्रभावी बनाएं : वर्मा