टोक्यो ओलिंपिक : भारत ने स्पेन को 3-0 से हराया, क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीद बरकरार

टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय हॉकी टीम फिर से ट्रैक पर लौटती दिख रही है। रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 1-7 से करारी शिकस्त झेलनी वाली भारतीय टीम ने मंगलवार को पूल-ए के मुकाबले में स्पेन को 3-0 से हरा दिया।

इस जीत के साथ ही भारत के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की उम्मीद मजबूत हो गई है। टीम इंडिया 3 मैचों से 4 अंक लेकर पूल-ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। ऑस्ट्रेलिया टॉप पर बरकरार है।

भारत ने पहले क्वार्टर में ही 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। सिमरनजीत सिंह ने मैच के 14वें मिनट में फील्ड गोल के जरिए भारत को 1-0 से आगे कर दिया।

इसके अगले ही मिनट में रुपिंदर पाल सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। दूसरे और तीसरे क्वार्टर में कोई टीम गोल नहीं कर सकी। चौथे क्वार्टर में रुपिंदर पाल सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 3-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी।

यह भी पढ़ें- भारत-श्रीलंका के बीच दूसरा टी-20 मैच आज, भारत के पास लगातार छठी द्विपक्षीय टी-20 सीरीज जीतने का मौका