भारतीय अर्थव्यवस्था अगले दो दशकों में तेजी से आगे बढ़ेगी : मुकेश अंबानी

रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. के चेयरमैन और भारत के सबसे अमीर बिजनेसमैन मुकेश अंबानी ने मंगलवार को कहा कि भारतीय अर्थव्यस्था अगले दो दशकों में तेजी से आगे बढ़ेगी। भारत अगले 20 साल में दुनिया की टॉप-3 इकॉनामी में शामिल होगा।

यह बात मुकेश अंबानी ने फेसबुक फाउंडर मार्क जकरबर्ग को एक वीडियो संवाद में कही। फ्यूल फॉर इंडिया-2020 के वर्चुअल कान्फ्रेंस में अंबानी ने कहा कि भारत कोरोना महामारी में भी अच्छा कर रहा है। हमारा देश दुनिया के टॉप-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। साथ ही अंबानी ने मार्क जकरबर्ग के विजन की तारीफ की।

इस दौरान उन्होंने जकरबर्ग से रिलायंस जियो में निवेश का कारण भी पूछा। जिसपर मार्क जकरबर्ग ने कहा कि भारत महान आर्थिक संभावनाओं का प्रतिनिधित्व करता है। इसलिए फेसबुक ने यहां भारी निवेश किया है। साथ ही उन्होंने कहा कि फेसबुक दुनियाभर के लोगों की मदद करने के लिए जियो के साथ साझेदारी के साथ काम करना चाहता है।

जकरबर्ग ने डिजिटल की दुनिया हर दिन कैसे बदल रही है, इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत की भूमिका अहम है। डिजिटलाइजेशन से व्यक्तियों को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी, जिससे आने वाले दशकों में देश में समृद्धि होगी।