भारत में बढ़ते कोरोना के मामलों के बीच अब भारतीयों का कैलासा आने पर रोक

दुनियाभर में बढ़ते कोरोना संक्रमण के मद्देनजर स्वामी नित्यानंद ने लोगों से अपने देश कैलासा नहीं आने को कहा है। नित्यानंद के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से पोस्ट किया गया है कि भारत के साथ-साथ ब्राजील, यूरोपीय संघ और मलेशिया के लोगों को भी अभी यहां आना प्रतिबंधित है।

ट्वीट में आगे लिखा गया है कि कैलासा के अलावा दुनियाभर में नित्यानंद का जहां-जहां आश्रम है उसे भी तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया जाए। आश्रमों में भक्तों को आने की अनुमति बिलकुल नहीं मिलेगी। 

बता दें कि रेप का आरोपी भगोड़ा और स्वयंभू स्वामी नित्यानंद ने 2019 में खुद का देश कैलासा बसाने का दावा किया था। नित्यानंद यहां आने वाले यात्रियों को मुफ्त वीजा भी मुहैया कराता है।

हालांकि नित्यानंद के स्वघोषित देश की सही लोकेशन अभी तक स्पष्ट नहीं है , लेकिन पिछले दिनों नित्यानंद ने यहां आने की जानकारी लोगों को दी थी। नित्यानंद ने बताया कि कैलासा आने के लिए ऑस्ट्रेलिया से फ्लाइट लेनी होगी । नित्यानंद ने कैलासा में अपनी सरकार, मंत्री, मंत्रालय समेत, बैंक, मॉल और अन्य सुविधाओं के होने की भी बात कह चुका है। 

यह भी पढ़ें-पुडुचेरी में आज रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन