International News: एक क्लिक में पढ़िए दस बड़ी खबरें

dainik jaltedeep
dainik jaltedeep

म्यांमार तख्तापलट : सेना की फायरिंग में 38 लोगों की मौत, चीनी फैक्टरी को आग लगाई

बर्मा। म्यांमार में तख्तापलट के खिलाफ प्रदर्शन बढ़ता रहा है। यहां रविवार को प्रदर्शन कर रहे लोगों पर सेना ने अलग-अलग स्थानों पर गोलियां बरसाईं, जिसमें 38 लोगों की मौत होने की खबर है। एक एडवोकेसी संगठन के हवाले से न्यूज एजेंसी रायटर्स ने यह जानकारी दी है। खबर में बताया गया है कि यंगून इलाके के हैंगथाया में प्रदर्शनकारियों ने एक चीनी फैक्टरी को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद सेना ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें 22 लोगों की मौत हो गई। वहीं, अन्य जगहों पर प्रदर्शन कर रहे 16 लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया।

मेगन मर्केल पर पैलेस के कर्मचारियों को परेशान करने का आरोप, जांच कराने की तैयारी

लंदन। ब्रिटेन के प्रिंस हैरी की पत्नी मेगन मर्केल पर बकिंघम पैलेस के कर्मचरियों को परेशान करने का आरोप है। इन आरोपों की जांच किसी बाहरी लॉ फर्म से कराई जा सकती है। ब्रिटिश मीडिया ने इस बात का दावा किया है। इस महीने की शुरुआत में पैलेस ने इस बात की पुष्टि की थी कि मामले की जांच कराई जाएगी। मेगन के खिलाफ यह शिकायत अक्टूबर 2018 की है। तब उनके एक कर्मचारी ने ईमेल के जरिए शिकायत की थी।

प्रचंड ने अपने मंत्रियों से पीएम ओली की अगुवाई वाली सरकार से इस्तीफा देने को कहा

काठमांडू। नेपाल में कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओवादी सेंटर) ने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली की अगुवाई वाली सरकार में अपने मंत्रियों से इस्तीफा देने के लिए कहा है। पार्टी प्रमुख पुष्प कमल दहल प्रचंड ने अपने सांसदों के लिए दूसरी बार ऐसा निर्देश जारी किया है। इससे पहले भी प्रचंड गुट ने अपने गुट के सभी मंत्रियों को वापस बुलाते हुए अगले 24 घंटे में रुख साफ करने को कहा था। इनमें गृहमंत्री राम बहादुर थापा, ऊर्जा मंत्री, जल संसाधन और सिंचाई मंत्री बहादुर रायामाझी, जल आपूर्ति मंत्री मणिचंद्र थापा, शहरी विकास मंत्री प्रभु शाह, खेल और युवा मामलों के मंत्री दावा लामा तमांग और श्रम मंत्री गौरीशंकर चौधरी शामिल हैं।

भारत के होलिका दहन की तरह मनाया गया मास्लेनित्सा फेस्टिवल

मॉस्को। रूस में 102 साल पुराना मास्लेनित्सा फेस्टिवल मनाया गया। इस दौरान लोगों ने 78 फीट ऊंचे लकड़ी के घर को जलाया और मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी। इस पारंपरिक त्योहार को बसंत के आगमन, परिवार से जुड़ाव और बुराई के अंत के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। यानी बिल्कुल वैसा ही, जैसा भारत में होलिका दहन। इस दौरान लोग परिवार के साथ समय बिताते हैं, पूर्वजों को याद करते हैं और मेलों का आनंद लेते हैं। वे अलाव में पुरानी चीजों को भी जलाते हैं, जिसे नई शुरुआत और पापों को जलाने का प्रतीक माना जाता है।

चीन में 10 साल का सबसे खतरनाक रेतीला तूफान, 6 लोगों की मौत, 81 लापता

बीजिंग। चीन के कई शहरों को सोमवार को रेत के तूफान ने अपनी जद में ले लिया। इसे पिछले 10 साल का सबसे खतरनाक रेतीला तूफान माना जा रहा है। देश के 12 प्रांतों पर इसका ज्यादा असर पड़ा है। चीन के नेशनल मेट्रोलॉजिकल सेंटर ने बताया है कि रेतीले तूफान का असर देश के बड़े इलाके में हुआ है। इसने चीन के उत्तरी पश्चिम के झिंजियांग और गांसू से लेकर उत्तर में मंगोलिया और हेबई तक के इलाके को अपनी चपेट में ले लिया है। मंगोलिया के नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी ने सोमवार को कहा कि इस तूफान की वजह से 6 लोगों की मौत हुई है। जबकि 81 लोग लापता हैं। तूफान के खतरे को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। यह मौसम कलर कोड वॉर्निंग सिस्टम में सबसे अंतिम चेतावनी है। इसमें स्पष्ट तौर पर लोगों को मास्क-स्कार्फ पहनने, दरवाजे और खिड़कियों को अच्छी तरह बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही ये भी कहा गया है कि इसका असर सोमवार तक रहने की उम्मीद है।