कंगना ने राजद्रोह की एफआईआर रद्द करने को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट में दायर की याचिका

बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनोट ने बॉम्बे हाईकोर्ट के समक्ष एक याचिका दायर कर उनके खिलाफ बांद्रा पुलिस स्टेशन में दर्ज देशद्रोह के केस को रद्द करने की मांग की है। एक्ट्रेस को आज मुंबई पुलिस के सामने सुबह 11 बजे तक पेश होना है। एक्ट्रेस अभी भी हिमाचल प्रदेश में ही है। एक्ट्रेस की ओर से उनके वकील रिजवान सिद्दीकी ने हाईकोर्ट में याचिका सबमिट की है। इसपर जल्द सुनवाई की तारीख तय होगी।

18 नवंबर को कंगना और उनकी बहन रंगोली चंदेल को तीसरी बार समन भेजा गया था। इस समन में कंगना को 23 नवंबर यानी आज और उनकी बहन रंगोली चंदेल को 24 नवंबर को पेश होना था।

दोनों बहनों पर सोशल मीडिया पर साम्प्रदायिक तनाव फैलाने और जजों पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मामला दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ अदालत के आदेश पर 17 अक्टूबर को बांद्रा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया था। इससे पहले कंगना को पूछताछ के लिए 26 अक्टूबर और 3 नवंबर को समन भेजकर बुलाया गया था। भाई की शादी में शामिल होने का हवाला देते हुए एक्ट्रेस ने 15 नवंबर के बाद पूछताछ में शामिल होने की बात कही थी। दोनों बहनें फिलहाल हिमाचल में हैं।

दो धर्मों के बीच नफरत पैदा करने का आरोप

स्थानीय अदालत के आदेश पर कंगना के खिलाफ मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई थी। दोनों बहनों के खिलाफ एक विशेष समुदाय के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने और एक विशेष समुदाय से जुड़े लोगों को भड़काने का आरोप है।