
-
कहा- ईडी मतलब राजनीतिक तोड़-फोड़
जयपुर। आम आदमी पार्टी संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार रात शराब घोटाले मामले में गिरफ्तार कर लिया है। जिसके बाद विपक्षी पार्टियों ने विरोध जताना शुरू कर दिया है।
इसी कड़ी में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर भाजपा पर बड़ा हमला बोला है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करते हुए लिखा कि ‘देश में पहली बार देखा जा रहा है कि संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है।’
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर पोस्ट कर लिखा कि ‘पहले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी केन्द्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग की पराकाष्ठा है।’
‘देश में ऐसा पहली बार’- गहलोत
उन्होंने आगे कहा कि ‘ऐसा देश में पहली बार देखा जा रहा है कि संवैधानिक पदों पर बैठे नेताओं को गिरफ्तार किया जा रहा है। ईडी का काम केवल राजनीतिक तोड़-फोड़ करना ही रह गया है। यह लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।’
‘केंद्र उठा रहा तानाशाही कदम’-
साथ ही गहलोत ने कहा कि ‘ऐसा लगता है कि दिन रात 400 पार का शोर मचा रही भाजपा को 200 सीटों का भी आत्मविश्वास नहीं है इसलिए इस तरह के तानाशाही कदम रोज उठाए जा रहे हैं।’