स्पेन की टीम ने राउंड ऑफ-16 के मैच में क्रोएशिया को 5-3 से हरा दिया। स्पेन ने लगातार दूसरे मैच में 5+ गोल दागा। इससे पहले उन्होंने स्लोवाकिया को 5-0 से हराया था। मैच काफी रोमांचक रहा और स्पैनिश टीम उलटफेर का शिकार होने से बच गई।
80वें मिनट तक स्पेन की टीम 3-1 से आगे चल रही थी। इसके बाद क्रोएशिया ने वापसी की और 7 मिनट में 2 गोल दाग स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। फुल टाइम तक दोनों टीमें 3-3 से बराबर थी।
इसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा और स्पेन ने इस दौरान 2 और गोल दाग मैच अपने नाम किया। स्पैनिश टीम 9 साल बाद क्वार्टर फाइनल में पहुंची है। 2016 में राउंड ऑफ-16 में इटली ने स्पेन को 2-0 से हराया था। वहीं, 2008 और 2012 में स्पेन की टीम चैंपियन रही थी।
मैच की शुरुआत से ही स्पेन ने मैच पर पकड़ बनाया। हालांकि, 20वें मिनट में स्पेन के पेड्री ने आत्मघाती गोल दागा। इससे क्रोएशिया को 1-0 की बढ़त मिल गई। इसके बाद 38वें मिनट में स्पेन के सराबिया ने गोल दागा और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर रहा।