राजस्थान में कानून व्यवस्था ठीक नहीं, महिलाओं के खिलाफ अपराध में प्रदेश सबसे आगे : बघेल

राजसमन्द। केंद्रीय कानून राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल ने बुधवार को श्रीजी प्रभु के दर्शन किए। दर्शनोपरांत मंदिर में उनका परंपरानुसार समाधान किया गया वहीं स्थानीय न्यू कॉटेज में नगर भाजपा की तरफ से मंत्री का स्वागत किया गया। न्यू कॉटेज में पत्रकारों से वार्ता में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि वे हाल ही में नेशनल क्राइम रिकार्ड ब्यूरो देख रहे थे तो पता चला कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में प्रदेश सबसे आगे है।

लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति भी ठीक नहीं है। प्रदेश में पॉवर कटिंग हो रही है, जो वादे किए गए थे उसे भुला दिया गया। राहुल गांधी ने हाथ ऊपर कर गिनती की थी 1 से 10 तक और कहा था केवल 10 दिन, 10 दिन में कर्ज माफ होगा।

लेकिन कुछ नहीं हुआ। मंत्री ने कहा कि जो राजनीतिक दल अपने घोषणा पत्र को भूल जाये उसका कुछ नहीं हो सकता है। बघेल ने कहा कि उत्तरप्रदेश में पूर्व की सरकारों के समय बेटा बाहर जाता तो उसके वापस आने तक मां की नजरें दरवाजे पर ही रहती कि कहीं उसका अपहरण नहीं हो जाए।

व्यापारी दुकान से आने में लेट हो जाता तो लगता कहीं गोली तो नहीं मार दी, लेकिन योगी आदित्यनाथ की सरकार ने लॉ एंड ऑर्डर पर बहुत काम किया है, जिससे सरकार के प्रति लोगों में विश्वास पैदा हुआ है। मंत्री ने कहा कि जब से देश में अमित शाह गृहमंत्री बने हैं तब से लोकसभा में कई कानून बने जिससे लॉ एंड ऑर्डर की व्यवस्था सुधरी, आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है, महिलाओं के खिलाफ अपराध कम हुए, वहीं बच्चों के खिलाफ़ लैंगिक अपराध में पॉस्को में फांसी का प्रावधान भाजपा ने करवाया।

ब्रितानी सरकार के समय के कई कानून ऐसे थे, जो अपराधियों को लाभ पहुंचा रहे थे, मोदी के नेतृत्व में ऐसे कानूनों को समाप्त किया गया। हम कोशिश कर रहे हैं कि इन्वेस्टिगेशन में लाई डिटेक्टर का उपयोग हो, नार्को टेस्ट हो और डीएनए को इन्वेस्टिगेशन में शामिल करना चाहिए।

अपराधी का फुट प्रिंट हो तो उसे एविडेंस के तौर पर पेश करना चाहिए, ब्लड टेस्ट, फिंगर प्रिंट और सीमन टेस्ट जैसे वैज्ञानिक आधार के एविडेंस पर अदालत को निर्णय लेने में आसानी होती है। पुरानी पुलिस केवल बयान के आधार पर काम करती थी, कई बार गवाह के मुकर जाने से अपराधी बच निकलते थे। अब वैज्ञानिक आधार वाले एविडेन्स से बचना मुश्किल होगा।

यह भी पढ़ें-पदमिनी-प्रताप के जयकारे लगे, जवानों-शहीदों का सम्मान, बताया मेवाड़ इंफेंट्री का इतिहास