कोरोना की तरह मंकीपॉक्स की भी वैक्सीन देश में बनेगी – डॉ. मनसुख मंडाविया

डॉ. मनसुख मंडाविया
डॉ. मनसुख मंडाविया

नई दिल्ली । केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को राज्यसभा में कहा कि कोरोना की तरह मंकीपॉक्स की भी वैक्सीन देश में बनेगी। इसके लिए प्रयास जारी हैं।

मंकीपॉक्स

डॉ. मंडाविया ने राज्यसभा में मंकीपाक्स की वैक्सीन से जुड़े सवाल पर बताया कि मंकीपॉक्स भारत और दुनिया में कोई नई बीमारी नहीं है। वर्ष 1970 से अफ्रीका से दुनिया के कई देशों में पहुंचा। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने इस पर विशेष ध्यान दिया है। भारत में भी इस पर निगरानी शुरू हुई है। केरल में मंकीपॉक्स के मामले आए तो केंद्र सरकार ने वहां विशेषज्ञों की टीम भेजी। राज्य सरकार की भी पूरी मदद की जा रही है। इसके साथ टास्क फोर्स का भी गठन किया गया है।

यह भी पढ़ें –संजय राउत से संबंधित मामलों में ED का मुंबई के दो ठिकानों पर सर्च ऑपरेशन

डॉ. मंडाविया ने कहा कि मंकीपॉक्स से डरने की आवश्यकता नहीं है। राज्य सरकारों के साथ मिलकर जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। अगर परिवार में किसी को मंकीपॉक्स हुआ है तो 12-13 दिन उससे दूरी बना कर रखें तो उसको नियंत्रित किया जा सकता है। सतर्कता से हम इसको नियंत्रित कर सकते हैं। मंकीपॉक्स के संदर्भ में जागरुकता बहुत आवश्यक है। केंद्र सरकार की ओर से नीति आयोग के सदस्य की अध्यक्षता में टास्क फोर्स का गठन भी किया गया है।

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान बताया कि देश में मंकीपॉक्स के कुल आठ मामले सामने आ चुके हैं। मंकीपॉक्स की रोकथाम के लिए केन्द्र सरकार सारे उपाय कर रही है। सभी राज्यों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए जा चुके हैं। लोगों को इससे घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि जागरुक रहने की जरुरत है।

मंकीपॉक्स के कुल आठ मामले में से पांच केरल से औऱ तीन दिल्ली से सामने आए हैं जबकि इससे एक मौत भी दर्ज की गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राज्यसभा में बताया कि देश में मंकीपॉक्स वायरस के संक्रमण की जांच के लिए 15 संस्थानों को चिन्हित किया गया है। अगर जरुरत पड़ेगी तो अन्य संस्थानों को भी शामिल किया जाएगा। मंकीपॉक्स संक्रमण को रोकने एवं इसके इलाज के लिए सभी उपाय किए जा रहे हैं।

दिल्ली में आया मंकीपॉक्स का तीसरा मामला सामने

मंगलवार को दिल्ली में मंकीपॉक्स का तीसरा मरीज मिला है। दिल्ली में रहने वाला नाइजीरिया का एक और शख्स मंकीपॉक्स वायरस से संक्रमित पाया गया है। इससे पहले सोमवार को भी 35 साल का एक नाइजीरियाई शख्स की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

Advertisement