
श्री श्रीकृष्ण शर्मा और फारूक आफरीदी को रत्नाकर पांडेय सम्मान
जयपुर। संगम विश्वविद्यालय के अध्यक्ष रामपाल सोनी ने कहा है कि साहित्यकार समाज को नई दिशा देते हैं और साहित्य का संरक्षण राष्ट्र और समाज का दायित्व है। साहित्यकारों को संरक्षण देकर हम नई पीढ़ी का मार्ग सुगम और बोधगम्य बनाते हैं। साहित्य संवर्द्धन के लिए समर्पित साहित्य मनीषियों के सम्मान से समाज का सम्मान भी द्विगुणित होता है। सोनी राष्ट्रीय साहित्यांचल शिखर सम्मान समारोह एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
वरिष्ठ व्यंग्यकार, कवि एवं मुख्यमंत्री के विशेषाधिकारी फारूक आफरीदी ने कहा है कि साहित्य का समाज की विसंगतियों और विकृतियों को दूर करने एवं जीवन मूल्यों की पुनस्र्थापना में उल्लेखनीय योगदान होता है। साहित्यकार सुशिक्षित और संस्कारित समाज के निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाता है।

आफरीदी डॉ. रत्नाकर पांडेय सम्मान समारोह में बोल रहे थे। वरिष्ठ साहित्यकार और ”शब्द संसार” के अध्यक्ष श्रीकृष्ण शर्मा ने कहा कि साहित्य ने समाज को सदैव समृद्ध किया है। शब्द का सम्मान तभी संभव है जब इसका सही रूप में उपयोग करें। शब्द के त्रुटिपूर्ण उपयोग से अर्थ का अनर्थ हो जाता है। साहित्यकारों को शब्दों के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए।
यह भी पढ़ें- लम्बित भर्तियां प्राथमिकता से पूरी हो : जलदाय मंत्री महेश जोशी