
नई दिल्ली। दिल्ली में कोरोना के केस लगातार बढऩे से सरकार की चिंता बढ़ गई है। दिल्ली सरकार बाजार बंद करने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को कहा कि कोरोना रोकने के लिए छोटे स्तर पर लॉकडाउन भी लगाया जा सकता है। वहीं, दिल्ली में अब शादी में 200 की जगह 50 लोग ही शामिल हो सकेंगे। दिल्ली सरकार ने इसको लेकर केंद्र को प्रस्ताव भेजा है। दो दिन पहले गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली में कोरोना के हालात की समीक्षा की थी।
इधर, देश में कोरोना से ठीक होने वालों की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। 12 राज्यों में रिकवरी रेट 95 प्रतिशत से ज्यादा है। देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 88 लाख 74 हजार 172 हो गया है। इनमें से 82 लाख 88 हजार 169 ठीक भी हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में 28 हजार 377 नए मरीज मिले। पिछले 4 महीने में ये आंकड़ा सबसे कम है। इसके पहले 14 जुलाई को सबसे कम 29 हजार 917 मरीज मिले थे।

दो दिन में 25 हजार एक्टिव केस घटे
एक्टिव केस में भी एक बार फिर से तेज गिरावट शुरू हो गई है। पिछले 2 दिनों में एक्टिव मरीजों की संख्या 25 हजार 944 घटी है। अब देश में 4 लाख 53 हजार 449 एक्टिव केस रह गए हैं। इस मामले में भारत एक पायदान नीचे खिसककर 5वें नंबर पर पहुंच गया है। अब सबसे ज्यादा एक्टिव केस के मामले में बेल्जियम चौथे नंबर पर है।
भारत का रिकवरी रेट 93 प्रतिशत के पार
देश में औसत रिकवरी रेट 93.39 प्रतिशत पहुंच चुका है। दुनिया के टॉप-5 संक्रमित देशों में भारत का रिकवरी रेट सबसे अच्छा है। अमेरिका में 60.84 प्रतिशत, ब्राजील में 90.22 प्रतिशत और रूस में अब तक 74.60 प्रतिशत लोग ठीक हो पाए हैं।
यह भी पढ़ें-भारतीय नौसेना का युद्धाभ्यास उत्तरी अरब सागर में शुरू