
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों को ध्यान में रखकर शुक्रवार को भी दिल्ली पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस कड़ी में पुलिस के कहने पर दिल्ली मेट्रो ने शुक्रवार सुबह सभी मेट्रो स्टेशनों को सुबह 9 बजे के बाद सामान्य कर दिया गया है। फिलहाल पूरी दिल्ली में मेट्रो सेवा पूरी तरह बहाल है।
आपकों बता दें कि इससे पहले नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ उग्र प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से गुरुवार को 20 मेट्रो स्टेशन दो घंटे से लेकर सवा सात घंटे तक बंद रहे। इनमें वायलेट लाइन, ब्लू लाइन, येलो लाइन व मजेंटा लाइन के मेट्रो स्टेशन शामिल थे। इनमें से 14 स्टेशन सुबह व्यस्त समय में भी बंद रहे। इस दौरान इन स्टेशनों पर मेट्रो नहीं रुक रही थी। सुबह में मेट्रो स्टेशन बंद होने से नौकरी पेशेवर लोगों को दफ्तर पहुंचने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने ट्वीट कर अपनी नाराजगी भी जताई।