मुंबई पुलिस ने कंगना रनौत से की 2 घंटे पूछताछ

मुंबई। फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत से मुंबई पुलिस ने देशद्रोह मामले में शुक्रवार को 2 घंटे तक गहन पूछताछ की। कंगना के साथ उनकी बहन रंगोली चंदेल व उनके वकील भी पूछताछ के दौरान बांद्रा पुलिस उपायुक्त कार्यालय में मौजूद रहे।

पूछताछ के बाद कंगना रनौत ने मीडिया से बातचीत नहीं की और सीधे अपने घर रवाना हो गईं। इस मामले में पुलिस की ओर से भी किसी तरह की अधिकृत जानकारी अब तक साझा नहीं की गई है। 

बांद्रा पाली हिल में स्थित बंगले पर मुंबई नगर निगम की ओर से की गई तोड़फोड़ के बाद कंगना रनौत ने अपने ट्विटर अकाउंट से मुंबई को पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) बताते हुए ट्विट किया था।

इसी के विरोध में कास्टिंग डायरेक्टर साहिल अशरफ सैयद ने कंगना रनौत और उनकी बहन रंगोली चंदेल के विरुद्ध देशद्रोह का मामला दर्ज करने की मांग मुख्यमंत्री सहित संबंधित अधिकारियों से की थी।

इस शिकायत पर कार्रवाई न होने के बाद सैयद ने अंधेरी मजिस्ट्रेट कोर्ट में कंगना पर कार्रवाई करने के लिए याचिका दायर की थी। अंधेरी मजिस्ट्रेट ने इस मामले में कार्रवाई कर रिपोर्ट पेश करने का आदेश मुंबई पुलिस को दिया था।