प्राचीन मिस्र के 22 राजा-रानियों के ममियों की काहिरा में शाही परेड निकाली जाएगी

प्राचीन मिस्र के 22 राजा-रानियों के ममियों (विशेष रूप से संरक्षित शव) की शनिवार को राजधानी काहिरा में शाही परेड निकाली जाएगी। इन्हें पुराने संग्रहालय से निकालकर नए में ले जाया जाना है। उसी के तहत शाही जुलूस का इंतजाम किया गया है।

नए संग्रहालय को 18 अप्रैल से पूरी तरह आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इससे पहले ममियों को आम जनता के सामने परेड के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। इनमें 18 राजाओं और 4 रानियों के अवशेष हैं। सभी ममियों को सुनहरे रंग के कैरिएज (वाहन) में रखा जाएगा।

इन पर राजा-रानियों का नाम और पद भी लिखा होगा। करीब 40 मिनट का सफर होगा। इस दौरान सड़कों पर झटकों से ममी को नुकसान न पहुंचे इसके लिए कैरिएज में शॉक-एब्जॉर्वर भी लगाए गए हैं।

काहिरा में इजिप्टोलॉजी की प्रोफेसर और ममी बनाने की विशेषज्ञ सलीमा इकराम कहती हैं कि इन ममियों को पहले से कई गुना बेहतर संदूकों में रखा जाएगा। नमी और तापमान को नियंत्रित की व्यवस्था होने से इनको और लंबे समय तक सुरक्षित रखा जा सकेगा। पुराने संग्रहालय में ऐसी व्यवस्था नहीं थी।

यह भी पढ़ें- अमेरिका में रिकॉर्ड गर्मी : मार्च-अप्रैल में 33 डिग्री सेल्सियस पहुंंचा तापमान