नागरिकता कानून का देशभर में विरोध

दिल्ली में प्रियंका का धरना, बंगाल में ममता की रैली, लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान फायरिंग

नई दिल्ली
दिल्ली के जामिया विश्वविद्यालय में पुलिस की कार्रवाई का सोमवार को लखनऊ से दिल्ली तक विरोध किया जा रहा है। देशभर के 10 बड़े शिक्षण संस्थानों के अलावा तृणमूल और कांग्रेस ने भी पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में एनआरसी और नागरिकता कानून के खिलाफ रैली निकाली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इंडिया गेट पर धरना दिया। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में पुलिस और छात्रों के बीच भिड़ंत हुई। लखनऊ के नदवातुल उलेमा कॉलेज में भी छात्रों ने उग्र प्रदर्शन किया। 

कुलपति का आरोप- बिना इजाजत कैंपस में घुसकर तोडफ़ोड़ की
जामिया यूनिवर्सिटी में नागरिकता कानून के खिलाफ हुए उग्र प्रदर्शन को लेकर कुलपति नजमा अख्तर ने सोमवार को बयान दिया। उन्होंने कहा- पुलिस ने बिना इजाजत यूनिवर्सिटी में घुसकर तोडफ़ोड़ की। लाइब्रेरी में बैठे छात्रों पर लाठियां चलाईं, जिसमें 200 छात्र जख्मी हुए। हम पुलिस के खिलाफ एफआईआर कराएंगे। उन्होंने कहा- शुक्रवार को पहली बार जामिया के बच्चों ने अपने जुलूस निकाले, फिर टीचर्स ने। जो लोग बाहर से आ रहे थे, उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने जामिया के गेट पर बैरिकेड्स लगा दिए थे। हमने उन्हें बैरिकेड्स लगाने से रोका था। कुछ बाहरी लोग कैंपस में घुस गए थे। उसके पीछे पुलिस अंदर गई। कुलपति ने कहा- हम सब अंदर बैठे थे, कि अगर पुलिस आएगी तो हम उनकी मदद करेंगे। लेकिन वे जबरन लाठियां चलाने लगे। आप मुझसे पूछते, रजिस्ट्रार से पूछते। हमारे छात्र लाइब्रेरी में थे। पुलिस वालों ने वहां लाठियां चलाईं। बच्चों को जिस बर्बरता से डराया गया है, वह ठीक नहीं है। यूनिवर्सिटी का काफी नुकसान हुआ। 

अलीगढ़ यूनिवर्सिटी में हिंसक झड़प के बाद 21 गिरफ्तार
पुलिस और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों के बीच रविवार रात को हुई झड़प के मामले में 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, 56 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। विश्वविद्यालय प्रशासन ने होस्टल को पूरी तरह खाली करने के आदेश जारी किए। छात्रों को अपने घर तक पहुंचाने के लिए 40 से अधिक बसों को लगाया गया। अलीगढ़ में मंगलवार आधी रात तक के लिए इंटरनेट बंद कर दिया गया। इससे पहले रविवार रात को दिल्ली की जामिया यूनिवर्सिटी में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस बल प्रयोग के विरोध में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्र उग्र हो गए थे। पथराव के बाद पुलिस ने उन्हें काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। सोमवार सुबह लखनऊ में नदवा कॉलेज के छात्रों ने पुलिस पर पथराव किया। योगी सरकार ने एहतियातन पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 6 जिलों में धारा 144 लागू की। अलीगढ़ मेरठ, सहारनपुर और अलीगढ़ में इंटरनेट बंद किया गया।