
1985 बैच के आईएएस ऑफिसर मुर्मू गुजरात कैडर के अफसर और केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के पहले एलजी थे
नई दिल्ली। केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपराज्यपाल जीसी मुर्मू को कॉम्पट्रॉलर एंड ऑडिटर जनरल ऑफ इंडिया (कैग) नियुक्त किया गया। वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को इसके आदेश जारी किए। मुर्मू ने बुधवार को उपराज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने गिरीश चंद्र मुर्मू का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। मुर्मू केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के पहले उपराज्यपाल थे।
मुर्मू केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के पहले एलजी थे
मुर्मू केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर के पहले उपराज्यपाल थे। 1985 बैच के आईएएस ऑफिसर मुर्मू गुजरात कैडर के अफसर हैं। पहले ही कहा जा रहा था कि मुर्मू को कॉम्पट्रॉलर एंड ऑडिटर जनरल ऑफ इंडिया (कैग) बनाकर दिल्ली भेजा जा रहा है। अभी फिलहाल राजीव महर्षि कैग हैं और वे इसी हफ्ते रिटायर हो रहे हैं।
जम्मू-कश्मीर के एलजी बनाए गए मनोज सिन्हा
पूर्व रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा (61) जम्मू-कश्मीर के नए उपराज्यपाल होंगे। राष्ट्रपति भवन ने यह जानकारी दी है। सिन्हा मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में रेल राज्य मंत्री और संचार राज्य मंत्री रह चुके हैं। हालांकि, पिछले साल गाजीपुर सीट से लोकसभा चुनाव हार गए थे। यूपी में 2017 के विधानसभा चुनाव के बाद उनका नाम मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में भी चर्चा में आया था।
मुर्मू के अचानक इस्तीफे पर उमर अब्दुल्ला ने सवाल उठाए थे
5 अगस्त यानी एक दिन पहले जब कश्मीर में धारा 370 हटने का एक साल पूरा हुआ, ठीक उसी दिन सोशल मीडिया और वॉट्सऐप ग्रुप्स पर अचानक मुर्मू के इस्तीफे की खबर वायरल हुई। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा था कि लेफ्टिनेंट गवर्नर से जुड़ी चर्चा अचानक कैसे शुरू हो गई?