किसान आंदोलन : 15 अगस्त पर किसानों की ट्रैक्टर परेड, 5 हजार वाहन और 20 हजार किसानों के शामिल होने का अनुमान

हरियाणा में 15 अगस्त के मौके पर किसानों का ट्रैक्टर मार्च होने वाला है। ऐसे में उन्होंने शनिवार को इसकी रिहर्सल की। केंद्रीय कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठनों का विरोध प्रदर्शन पिछले 9 महीने से जारी है। राजधानी दिल्ली की सीमा समेत देश के अलग-अलग हिस्सो में किसान लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहे हैं। ऐसे में अब स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हरियाणा के किसानों ने ट्रैक्टर परेड निकालने की योजना बनाई है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर परेड की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। परेड में जैली, गंडासा, हुक्का, बैलगाड़ी, जेसीबी समेत अन्य चीजों को प्रदर्शित किए जाने की तैयारी है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक हरियाणा में किसानों ने अपने प्रस्तावित स्वतंत्रता दिवस ट्रैक्टर परेड से एक दिन पहले जींद के उचाना कलां में रिहर्सल किया।

जिसका नेतृत्व महिला किसान करेंगी। एक किसान ने बताया कि 15 अगस्त की परेड में करीब 5,000 वाहन और 20,000 किसान हिस्सा लेंगे। वहीं, कुछ अन्य किसानों का कहना था कि यह तो महज एक ट्रेलर है। 15 अगस्त के दिन असल शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा।

गौरतलब है कि 26 जनवरी के दिन किसानों ने राजधानी दिल्ली में ट्रैक्टर परेड निकाली थी। जिसकी वजह से राजधानी की कानून व्यवस्था बाधित हो गई थी। ट्रैक्टर परेड में शामिल कुछ असमाजिक तत्वों ने लाल किले में एक धर्म विशेष का झंडा फहराया। मामला इतने में ही नहीं थमा लाल किले की ऐतिहासिक चीजों के साथ भी तोडफ़ोड़ की गई। इसके अलावा आईटीओ चौराहे पर हिंसक झड़पें तक हुईं।

यह भी पढ़ें-पीएम मोदी का बड़ा ऐलान, अब 14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस