कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का निधन

नई दिल्ली। कांग्रेस के पहली पंक्ति के अग्रणी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडिस का निधन हो गया। मूल रूप से उडुपी, कर्नाटक से ताल्लुक रखने वाले फर्नांडिस ने मंगलुरु मेें अंतिम सांस ली। 80 साल के ऑस्कर फर्नांडिस लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। ऑस्कर फर्नांडिस के निधन की जानकारी कांग्रेस की प्रवक्ता लवन्या बल्लाल ने ट्वीट कर दी है। फर्नांडीस को कर्नाटक के मंगलुरू में एक प्राइवेट अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती थे।

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले ऑस्कर फर्नांडीस योग करने के दौरान गिर गए थे। फर्नांडीज़ को गिरने की वजह से मस्तिष्क में अंदरूनी चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका इलाज किया जा रहा था। ऑस्कर फर्नांडीज़ केंद्र में यूपीए सरकार के दौरान परिवहन, सडक़ और राजमार्ग और श्रम एवं रोजग़ार मंत्री रह चुके थे। इसके अलावा वो यूपीए 1 के दौरान श्रम एवं रोजग़ार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भी रह चुके थे। फिलहाल वो कर्नाटक से राज्यसभा के सांसद थे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ऑस्कर फर्नांडीस के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी सहित कई नेताओं ने ट्वीट कर दुख जताया है। पीएमओ ने पीएम मोदी के संदेश के साथ ट्वीट किया कि राज्यसभा सांसद ऑस्कर फर्नांडीस जी के निधन से दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।