कंगना रनोट पर इंडस्ट्री के 250 करोड़ से ज्यादा दांव पर लगे है, लगातार विवादों में बनी है कंगना

कंगना 96 करोड़ रु. से ज्यादा की संपत्ति की मालकिन, कभी एक बेडरूम वाले फ्लैट में रहती थीं

मुंबई। मुंबई को पीओके बताने और ड्रग्स मामले में बॉलीवुड को घसीटने के बाद से कंगना रनोट लगातार विवादों में हैं। फिलहाल वे मनाली में हैं, लेकिन उन्हें लौटकर मुंबई ही आना है। क्योंकि यह उनकी कर्मभूमि है। उनकी 4 फिल्में तेजस, धाकड़, थलाइवी और इमली कतार में हैं। ट्रेड एनालिस्ट अतुल मोहन की मानें तो कंगना की हर फिल्म का एवरेज बजट 60-70 करोड़ रुपए पहुंच जाता है। इस हिसाब से कंगना पर बॉलीवुड के 250-300 करोड़ रुपए दांव लगे हुए हैं।

विवादों का क्या असर हो सकता है

शिवसेना से विवाद की वजह से महाराष्ट्र में कंगना की फिल्मों का विरोध हो सकता है, लेकिन बॉलीवुड से विवाद का बहुत ज्यादा प्रभाव नहीं पड़़ेगा। अतुल मोहन कहते हैं, कंगना रनोट को यह पहले से ही क्लियर था कि बड़े प्रोडक्शन हाउस उन्हें काम नहीं देंगे। इसलिए उन्होंने अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू किया है। इसके अलावा वे ऐसे लोगों के साथ काम कर रही हैं, जो नॉन स्टूडियो हैं या नॉन बिग फिल्ममेकर हैं। वे सबकुछ अपने दम पर करना चाहती हैं। वे किसी पर निर्भर नहीं हैं।

बॉलीवुड की हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस हैं कंगना

कंगना रनोट बॉलीवुड की सबसे ज्यादा फीस लेने वाली एक्ट्रेस हैं। ट्रेड एनालिस्ट अतुल मोहन के मुताबिक, कंगना एक फिल्म के लिए एवरेज 17-18 करोड़ रुपए चार्ज करती हैं। अपकमिंग फिल्म धाकड़ के लिए उन्होंने करीब 21 करोड़ रुपए लिए हैं। वहीं, जयललिता की बायोपिक थलाइवी के लिए भी उन्होंने 21- 22 करोड़ रुपए चार्ज किए हैं। कंगना के बाद दीपिका पादुकोण बॉलीवुड की सबसे महंगी एक्ट्रेस हैं। वे एक फिल्म के लिए 11-12 करोड़ रुपए चार्ज करती हैं।

ब्रांड एंडोर्समेंट के लिए 3-8 करोड़ रुपए

अतुल मोहन की मानें तो बड़े स्टार्स को ब्रांड इडोर्समेंट के लिए एक साल के 3-8 करोड़ रुपए मिल जाते हैं। चूंकि कंगना बॉलीवुड की हाईएस्ट पेड एक्ट्रेस हैं। ऐसे में वे बाकी एक्ट्रेसेस के मुकाबले ज्यादा चार्ज करती होंगी। 2019-20 की रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंगना आदित्य बिरला ग्रुप के लिवा, सिग्नेचर मास्टरपीस-डिएगो, इमामी बोरोप्लस, खादिम और फैशन डिजाइनर अनिता डोगरे के ग्लोबल देसी की ब्रांड एम्बेसडर हैं।

यह भी पढ़ें- एक्टर रणवीर सिंह इंडियन साइन लैंग्वेज को भारत की 23वीं अधिकारिक भाषा बनाने की दिशा में कोशिशे कर रहे