राजस्थान के विकास में भागीदार बनने के लिए एक मंच से पायलट व पूनिया ने की प्रवासी राजस्थानियों से अपील

Pilot-and-Poonia-appealed-Rajasthanis-to-participate-in-development-of-Rajasthan
Pilot-and-Poonia-appealed-Rajasthanis-to-participate-in-development-of-Rajasthan

लंदन/जयपुर
लंदन में ‘जीमण’ व राजस्थानी आयोजन के लिए सुप्रसिद्धि द राजस्थान एसोसिएशन यूके ने इस बार ग्लोबल इंडिया इनिशिएटिव-जीआईआई के साथ नेहरू सेंटर मेंं ‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ में राजस्थान पीसीसी चीफ एवं डिप्टी सीएम सचिन पायलट और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने शिरकत की। लंबे समय बाद यह ऐसा आयोजन हुआ जिसमें दोनों प्रमुख पार्टियों के प्रदेश अध्यक्ष एक साथ मंच साझा किया हैं। कार्यक्रम के शुरू में दोनो नेताओं का राजस्थानी परम्परा के अनुसार साफा पहना कर स्वागत किया गया। इस दौरान दोनों नेताओं ने प्रवासी राजस्थानियों से राजस्थान के विकास में भागीदार बनने की अपील की। दोनों ने इस हेतु हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया। साथ ही उन्होंने अपनी-अपनी पार्टियों व स्वयं का नजरिया रखा। इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रतिनिधि हरेन्द्र सिंह जोधा ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम के आयोजन के पीछे विचार था कि समाज के अलग अलग हिस्सों के लोगों व दिग्गज महारथियों के बीच एक मंच पर संवाद किया जाए। इसी की पहल हमने ग्लोबल इंडिया इनिशिएटिव के साथ की है।

द राजस्थान एसो. यूके की पूरी टीम व विभिन्न संस्थायें इसे सफल बनाने में हमारे साथ जुड़ी है। इस मौके उन्होंने राजस्थानी भाषा को मान्यता दिलाने के लिए दोनों नेताओं और उनकी पार्टी से आग्रह किया। उन्होंने अपने लिखित पत्र में राजस्थानी भाषा को समृद्ध बनाने के लिए कई सुझाव भी दिये। उन्होंने प्रवासियों की पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि हमें कोई ठेका नहीं चाहिए, कोई ट्रांसफर नहीं करवाना, हमें कोई पुलिस सहयोग नहीं चाहिए, कोई विशेष सहयोग नहीं चाहिए हम तो चाहते है कि हमारा राजस्थान कैसे प्रगति करें और हम उस प्रगति में कैस सहयोग दे सकें ऐसा कोई मॉडल बने। जहां कोई व्यक्ति अपना समय दे सकता है, कोई धन दे सकता है, कोई आईडिया या विचार या दिशा दे सकता है उन सब चीजों का सांमजस्य होना चाहिए। 

लंदन में राज. फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश जचानी ने इस मौके पर बताया कि हम राजस्थान के कल्चर और समाज को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे है। एक हजार से ज्यादा सदस्यों वाली हमारी संस्था कई चैरीटी कार्यक्रम व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती हैं। इस अवसर पर न्यूज18 राजस्थान के हैड श्रीपाल शक्तावत ने वीसी के माध्यम से समारोह को संबोधित किया और बताया कि ऐसे कार्यक्रम से प्रवासी राजस्थानी अपना सीधा संवाद और अपनी भागीदारी निभा सकेंगे। सभी प्रवासी राजस्थानियों को साधुवाद ज्ञापित किया। माहेश्वरी महासभा ऑफ यूके के अध्यक्ष रामनरेश सोनी ने भी इस मौके अपने विचार रखें। कार्यक्रम में डिप्टी हाईकमिश्नर, लंदन चरणजीत सिंह ने राजस्थानी दोहे व कहावतें सुना अपने राजस्थान से जुड़ाव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रवासियों से अपील की कि वे अपने अपने गांवों या इलाको के विकास में भागीदारी निभाने के लिए आगे आये। सबसे पहले नेहरू सेंटर लंदन के डाइरेक्टर व लेखक अमीश त्रिपाठी ने कार्यक्रम में पधारने पर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में लंदन के कई सुप्रसिद्ध प्रवासी राजस्थानी व बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के बाद राजस्थान के विकास पर प्रवासियों से चर्चा भी की। कार्यक्रम का संचालन हरेंद्र सिंह जोधा राजस्थान एसोसिएशन ने किया कार्यक्रम में भारत के डिप्टी हाई कमिश्नर चरणजीत सिंह, फ्रेंड्स ऑफ बीजेपी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह शेखावत, नेहरू सेंटर के निदेशक अमिश त्रिपाठी, उप निदेशक बीए गोहरे, अक्षयपात्र के निदेशक भवानी सिंह, लंदन मेटल एक्सचेंज के वीएन सिंघानिया, अजमत हुसैन, श्रुति सिंह सहित कई प्रवासी राजस्थानी व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

पेड़ वही लम्बा होगा जिसकी जड़े मजबूत व गहरी है : पायलट
कार्यक्रम में साफे को अपने हाथों से पुन: बांध कर धारण करने के बाद उद्बोधन के लिए मंच पर पहुंचे राजस्थान पीसीसी चीफ एवं डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि लंदन में आज हम एक परिवार के रूप में इकट्ठा हुए है इसके लिए आयोजकों को धन्यवाद व बधाई। उन्होंने कहा कि पेड़ वही लम्बा होता है जिसकी जड़े गहरी व मजबूत होती है। जो हमारे देश की है, हमें उसे आगे ले जाना है। उन्होंने कहा कि दो पार्टियों के बीच वैचारिक मतभेद हो सकते है, चुनावों में जनता के बीच हम अपने अपने मुद्दे लेकर जाते है चुनाव लड़ते है। मगर हम सब चाहते है कि एक प्रगतिशील राज्य व देश का नव निर्माण कैसे हो। मेरा मानना है कि जीवन और राजनीति में हमेंशा आगे की ओर देखना चाहिए। चुनावों में सत्ता परिवर्तन होता रहता है हमारे यहां सभी उसे स्वीकार करते है, यही लोकतंत्र है। दूसरे देशों में हम देखते है कि कोई गद्दी छोडऩे को तैयार नहीं, विरोध होता है लड़ते है। हमारे देश में हम सेवक बन कर काम करते है। जो परम्परा, सिद्धांत और लोकतंत्र हमें विरासत में मिला है उसको संजोय रखने का दायित्व हमारी युवा पीढ़ी पर भी है। भौगोलिक दृष्टि से हमारे सबसे बड़े राज्य राजस्थान में कई सारी चुनौतियां है। कई सारी मुश्किलें है। इन सभी का सामना हमें भाईचारे से, प्रेम से, एकता से करना होगा। हमारा हजारों सालों का इतिहास यही सिखाता है। जब हम संवाद करते है तभी हल निकलते है, संवादहीनता कोई समाधान नहीं लाती। सभी दलों के अलग अलग विचार हो सकते है मगर हमारा अंतिम लक्ष्य अखंड और विकसित भारत का है। उन्होंने कहा कि राजनीति में हम सभी के पदों के आगे बाद में पूर्व जरूर जुड़ेगा। जीवन भर के लिए कोई किसी पद पर नहीं रहने वाला। अत: अभी जो सेवा का मौका मिला है मेरा मानना है कि उससे कैसे लोगों के विकास में योगदान दिया जा सकता है यह देखना चाहिए। नौजवान पीढ़ी में अपने देश और धरती के प्रति एक सम्मान की भावना है हमें उसे बनाये रखना है। पूरी दुुनिया में हमारा देश ऐसा है जिसका इतिहास भी सुनहरा है और भविष्य भी सुनहरा होगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की ओर से हम प्रवासियों का हर संभव सहयोग देने के लिए तैयार है।  

गर्व है कि प्रवासियों ने व्यापार के साथ राजस्थानी संस्कृति और पहचान को जीवित रखा : पुनिया
राजस्थान भाजपा के अध्यक्ष सतीश पुनिया ने अपने उद्बोधन की शुरूआत सबको राम राम सा व नमस्ते लंदन से की। समारोह में बोलते हुए पुनिया ने कहा कि हमारे राजस्थान में जीवन एक उत्सव की तरह है। रंगरंगीला, ऐतिहासिक, बलिदान, शक्ति और भक्ति वाला और वीरों की धरती वाला है हमारा राजस्थान। इसलिए हमें इस पर गर्व होना चाहिए। यहां के इतिहास से दुनिया रोमांचित होती है। उन्होंने एसोसिएशन को बधाई दी की सात समुंदर पार भी आप लोगों ने अपनी संस्कृति और पहचान को बनाये रखा है यह गौरव की बात है। व्यापार के साथ साथ अपने राजस्थानीपन को जीवित रखना भी गर्व की बात है। कई प्रवासी सामाजिक सरोकार के लिए आगे आते है, अपने गांव व इलाकों के लिए मदद करते है, लंदन में रह कर भी उनके दिलों में राजस्थान जिंदा है यह वास्तव में काबिले तारिफ है। ऐसे लोगों को मैं सलाम करता हूं। डॉ. पूनियां ने संबोधित करते हुए कहा कि मुझे जब यह पता लगा कि इस मंच पर मेरे साथ हमारे प्रदेश के कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट भी रहेंगे तो राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्र और प्रदेश हित में हमने ये मंच साझा भी किया और मैं आग्रह करता हूँ सचिन पायलट से कि दी राजस्थान एसोसिएशन यू.के. जिन मुद्दों को लेकर राजस्थान के हित में काम करना चाहती है। उनमें उनकी मदद करें साथ ही कहा कि राजस्थान में हम सत्ता में नहीं हैं, लेकिन जो भी बन पड़ेगा प्रदेश हित के लिए हम साथ काम करेंगे। उन्होंने मंच से एसोसिएशन से आग्रह किया कि हमें आपस में केवल व्यवसायिक हित ही नहीं वरन राजस्थान की संस्कृति, कला और सभ्यता के क्षेत्र में भी कार्य करना चाहिए। राजस्थान और हिन्दुस्तान के लोगों ने विश्व में, हर क्षेत्र में, हर मंच पर अपनी धाक जमाई है। उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद की शुरूआत निश्चित रूप से सफल और यशस्वी होगी। उन्होंने प्रवासियों से गुजारिश की कि राजस्थान में अपार संभावनाएं है। चाहे पर्यटन की दृष्टि से, व्यापार की दृष्टि से, सामाजिक सरोकार की दृष्टि से हो, प्रवासियों की अहम भूमिका हो सकती है। इसके लिए हम सब एक होकर राजस्थान को आगे बढ़ायेंगे।