पीएम मोदी ने देश व दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया : पूनिया

राजसमन्द। राजसमंद विधानसभा उपचुनाव के बाद सोमवार को राजनगर स्थित भिक्षु निलियम में विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने कार्यकर्ता स्नेह मिलन समारोह भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, विधानसभा नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्रसिंह राठौड़, प्रदेश महामंत्री मदन दिलावर, सांसद दीयाकुमारी, पूर्व विधायक हरिसिंह रावत, जिला प्रमुख रतनी देवी जाट, जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पुरोहित सहित पदाधिकारियों के आतिथ्य में हुआ।

प्रदेशाध्यक्ष ने सम्मेलन में मोदी सरकार की तारीफ कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश व दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया हैं। आज दुनिया के किसी भी कोने में रह रहे भारतवासी को भारतीय होने पर नाज है। कोरोना के विकट काल में भी मोदी के कुशल नेतृत्व से जल्द ही स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

यही नहीं कोरोना महामारी जैसी वैश्विक समस्या के समाधान के लिए भारत ने दुनिया का नेतृत्व कर कई देशों को वैक्सीन उपलब्ध करवाई। मोदी के नेतृत्व में चीन व पाक को भारत के सैनिकों ने करारा जवाब देकर भारत को सुरक्षा के लिहाज से मजबूत बना दिया। धारा 370 का कलंक हटाने, राममंदिर का निर्माण शुरू करवाने, नागरिकता संशोधन कानून बनाकर शानदार कार्य किया हैं।

किसान, युवा, मजदूर, महिला, आमजन, पिछड़े सहित सभी वर्गों को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया है। इस दौरान अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित कर प्रदेश कांग्रेस सरकार को जमकर आडे हाथ लिया। स्नेहमिलन समारोह में जिलेभर के कार्यकर्ता मौजूद थे। उसके बाद सभी लोगों ने महाप्रसाद ग्रहण कर समापन किया।

यह भी पढ़ें-पर्यूषण की समाप्ति पर जिनालयों से श्रीजी को पालकी में विराजित कर शोभयात्राएं निकाली, सांकेतिक कार्यक्रम