
शिमला। सुंदरनगर के जवाहर पार्क में विजय संकल्प रैली में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में हाटेश्वरी माता, शीतला माता, शिकारी माता का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि देवभूमि के सभी देवी-देवताओं का प्रमाण करता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि कुछ दिन पहले मंडी की भाजयुमो युवा रैली में मौसम खराब होने के कारण नहीं आ पाया था। मन में उसी दिन ठान लिया था की पहली चुनावी रैली में मंडी में जरूर जाऊंगा। मुझे उस दिन न आने की पीड़ा हमेशा रहेगी। इसके लिए आपसे क्षमा मांगता हूं। देवभूमि से मेरा नाता इतने निकट रहा है की यहां आना बहुत होता था। निहरी की चढ़ाई भी चढ़ी है। कांगड़ा, मंडी, शिकारी की पहाड़ी भी पैदल मापी है।
बीबीएमबी झील कैसे भूल सकता हूं। जब भी यहां आता तो चाय पीता था। दुकानदारों से गपशप मारता था। ठाकुर गंगा सिंह, दिले राम, दामोदर जी से बहुत कुछ सीखा। देश के पहले मतदाता श्याम सरण नेगी के निधन का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 106 वर्षीय श्याम सरण नेगी ने 30 से ज्यादा बार मतदान किया था। दुनिया को अलविदा कहने से पहले भी उन्होंने वोट डालकर अपना कर्तव्य निभाया। श्याम सरण नेगी ने दो दिन पहले ही अपना कर्तव्य निभाया और पोस्टल बैलेट से मतदान किया। हर देशवासी, युवाओं और हर नागरिक को सदा सर्वदा उनसे प्रेरित होंगे। पीएम मोदी ने कहा कि भावुक मन से श्याम सरण नेगी को श्रद्धाजंलि देता हूं और परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं।
50 साल कांग्रेस गरीबी हटाओ का नारा देकर सरकार बनाती रही

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस बार का हिमाचल का चुनाव बहुत खास है। इस बार 12 नवंबर को पडऩे वाला एक-एक वोट, हिमाचल के अगले 25 साल की विकास यात्रा तय करेगा। अमृतकाल के इन वर्षों में हिमाचल में तेज विकास जरूरी है, स्थिर सरकार जरूरी है। मुझे खशी है कि हिमाचल के लोग, यहां के युवा, यहां की माताएं-बहनें इस बात को अच्छी तरह समझ रही हैं। हिमाचल के लोग भाजपा सरकार की जोरदार वापसी की ठान चुके हैं। फौजियों की ये धरती, वीर माताओं की ये धरती, जब संकल्प ले लेती है तो उसे सिद्ध करके ही दिखाती है। देश में 50 साल कांग्रेस गरीबी हटाओ का नारा देकर सरकार बनाती रही। कांग्रेस की सच्चाई यह है की 2012 में जिस घोषणापत्र में चुनाव जीते, 2012-17 तक एक काम नहीं हुआ। हिमाचल में, पहाड़ी राज्यों में तो कांग्रेस दशकों तक तरसाओ, लटकाओ-भटकाओ की नीति पर चली है। कांग्रेस के लिए सरकार में आना, सरकार में रहना, राज-पाट चलाने जैसा ही रहा है।
झूठे वादे करना, झूठी गारंटी देना, कांग्रेस की पुरानी तरकीब

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि झूठे वादे करना, झूठी गारंटी देना, कांग्रेस की पुरानी तरकीब रही है। किसानों को कर्ज माफी के नाम पर कांग्रेस किस तरह झूठ बोलती आ रही है, इसका भी गवाह पूरा देश रहा है। जब दिल्ली और हिमाचल में भाजपा की सरकार थी तो काम तेजी से चल रहे थे। लेकिन जैसे ही, पांच उसके, पांच उसके, इस चक्कर में पड़ गए और कांग्रेस वाले वापस आए, सारे काम ठप कर दिए।
भाजपा जो संकल्प लेती है, उसकी सिद्धि करके दिखाती

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है, उसकी सिद्धि करके दिखाती है। भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने का संकल्प लिया, उसे सिद्ध करके दिखाया। भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया, आज अयोध्या में इतना भव्य राम मंदिर बन रहा है। कांग्रेस की सच्चाई ये है कि 2012 में जिस घोषणा पत्र पर वो चुनाव जीते, वादे किए थे, एक भी काम उन्होंने नहीं किया। जबकि भाजपा की पहचान है कि हम जो कहते हैं उसे पूरा करने के लिए दिन-रात खपा देते हैं।

यह भी पढ़ेंं : गुजरात में ईसूदान गढ़वी पर ‘आप’ ने लगाया दांव