
एसओजी ने सर्विलांस की बातचीत में सामने आए दो मोबाइल नंबरों के आधार पर जांच की थी
जयपुर. राजस्थान में सरकार गिराने के आरोप-प्रत्यारोप के बीच शनिवार को मुख्यमंत्री गहलोत ने मीडिया से बात की। गहलोत ने कहा, ‘भाजपा के नेताओं ने मानवता की सारी हदें पार कर दी हैं। एक तरफ हम कोरोना से जिंदगी बचाने में लगे हैं। वहीं, ये लोग (भाजपा) सरकार गिराने में लगे हैं। हम सभी को सरकार बचाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।’
गहलोत ने कहा कि हम कोरोना के खिलाफ जंग में लगे हैं। वहीं, ये लोग (भाजपा) सरकार किस तरह से गिरे। खरीद फरोख्त कैसे हो। इसमें लगे हैं। ये अब खुलकर देश के सामने आ गए हैं। बकरा मंडी में जिस तरह से बकरे बिकते हैं, इस प्रकार ये लोग राजनीति करना चाहते हैं। जो इतने बेशर्म हैं कि गुजरात में विधायक खरीद लिए। राजस्थान में ऐसा कुछ नहीं कर पाए। लेकिन फिर भी माने नहीं। वापस अपने असली चेहरे पर आ रहे हैं।
खरीद-फरोख्त भाजपा की सोच है: गहलोत
मुख्यमंत्री ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे पहले गोवा, मणिपुर में कांग्रेस की सरकारें बदली गईं। उत्तरखंड में 5 मंत्री ऐसे हैं, जो कांग्रेस से गए। महाराष्ट्र में कमाल हो गया। बहुमत नहीं था, तब भी शपथ दिला दी गई। मोदी जी ने भी बधाई का ट्वीट कर दिया। कर्नाटक में भी ऐसा ही हुआ। वहां भी खरीद-फरोख्त करके सरकार बनी। मध्यप्रदेश में सभी को मालूम है क्या हुआ। इनकी सोच ही यही है।
‘प्रदेश में खरीद-फरोख्त की परंपरा कभी नहीं रही’
गहलोत ने कहा, ‘ भाजपा नेता सतीश पूनिया, राजेंद्र राठौड जिस तरह का खेल कर रहे हैं। राजस्थान की जनता समझ गई है। एडवांस में 10 करोड़ दे रहे हैं। फिर 15 करोड़ की बात कह रहे हैं। प्रदेश मे आज तक ये परंपरा नहीं रही है। हमने हॉर्स ट्रेडिंग नहीं की। ये जो खेल कर रहे हैं, वो सबके सामने हैं। राजस्थान में भी माहौल बनाया जा रहा है। जिस प्रकार मध्यप्रदेश मे घटना हुई है। वैसा ही राजस्थान मे हो जाए।’
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया बोले- यह सरकार खुद अंतर्कलह का शिकार
वहीं, दूसरी तरफ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि कोरोना के प्रबंधन में राज्य सरकार पूरी तरह से विफल रही है। इन सब बातों से ध्यान हटाने के लिए राजस्थान सरकार ने ये पैंतरा अपनाया है। खरीद-फरोख्त के जो आरोप हैं वह भाजपा को बदनाम करने की साजिश है। एसओजी जिस कांग्रेस विधायक की खरीद-फरोख्त की बात कह रही है। वह विधायक ही ऐसा कुछ नहीं होने की बात कह रही है। यह सरकार खुद अंतर्कलह का शिकार है।
यह भी पढ़ें-मुख्यमंत्री आवास को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार