
इटानगर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर के हवाई अड्डे पर पहुंची हैं। यहां अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) कैवल्य परनाइक और मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति को हवाई अड्डे पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। राष्ट्रपति बनने के बाद द्रौपदी मुर्मू का अरुणाचल प्रदेश का उनका पहला दौरा है। राष्ट्रपति मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र को भी संबोधित करेंगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हवाई अड्डे से अरुणाचल के 37वें राज्य स्थापना दिवस पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होने के लिए इटानगर के आईजी पार्क में पहुंचीं। यहां पर राष्ट्रपति का आदि, निशी, अपातानी, अका, मिजी, नोक्टे, वांचो और अन्य जनजातियों के सदस्यों ने गर्मजोशी के साथ पारंपरिक रूप में स्वागत किया। राष्ट्रपति ने नृत्य मंडली के कुछ सदस्यों के साथ हिस्सा लेते हुए उनका हौसला भी बढ़ाया। राष्ट्रपति मुर्मू मंगलवार को अरुणाचल प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी।