
नई दिल्ली । राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस की पूर्व संध्या पर 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर देशव्यापी पल्स पोलियो कार्यक्रम-2021 की शुरुआत की। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे भी उपस्थित थे। राष्ट्रीय पोलियो दिवस रविवार को मनाया जाएगा। देश से पोलियो उन्नमूलन के लिए टीकाकरण अभियान के तहत 5 वर्ष से कम उम्र के 17 करोड़ से ज्यादा बच्चों को पोलियो की दवा दी जाएगी।
देशभर में 31 जनवरी से शुरू होने वाला यह कार्यक्रम 2 फरवरी तक चलेगा। उल्लेखनीय है कि पल्स पोलियो के इस अभियान को 17 जनवरी से शुरू करने का कार्यक्रम था, लेकिन 16 जनवरी से देशभर में कोविड-19 टीकाकरण कार्यक्रम शुरू होने के कारण इसे 30 जनवरी तक के लिए टाल दिया गया। अब यह 31 जनवरी को शुरू हो रहा है।
डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि इस टीकाकरण अभियान का उद्देश्य बच्चों को पहले की अपेक्षा 5 से अधिक बीमारियों से पूरी तरह सुरक्षित करना है। उन्होंने कहा 31 जनवरी को देश में लगभग 24 लाख वॉलिंटियर्स और डेढ़ लाख सुपरवाइजर एवं स्वयंसेवी संस्थाएं 5 साल से छोटी आयु के लगभग 17 करोड़ बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे। किसी कारण से कोई बच्चा पोलियो केंद्र तक नहीं पहुंच पाता है तो ऐसे में उनकी सुविधा के लिए स्वास्थ्यकर्मी 2 करोड़ से अधिक घरों तक भी जाएंगे।