राजे ने दो दिन का देव दर्शन अभियान शुरू किया, पार्टी में विरोधी खेमे को दिया मैसेज

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने आज से दो दिन का देव दर्शन अभियान शुरू कर दिया है। राजस्थान यूपी बॉर्डर पर पूंछड़ी के लौठा में देव दर्शन अभियान की शुरुआत में समर्थकों को संबोधित किया। वसुंधरा राजे ने आगे राजस्थान में सक्रिय होने के संकेत और पार्टी में विरोधी खेमे को भी मैसेज दे दिया है। राजे के दो बयानों की सियासी हलकों में जबर्दस्त चर्चा है।

पहला बयान- राजमाता विजयराजे सिंधिया के रग-रग में भाजपा और राष्ट्रभक्ति थी, मैं उन्हीं राजमाता विजयराजे सिंधिया की बेटी हूं। राजे ने इस बयान के जरिए पार्टी में अपने विरोधियों को उनके परिवार का जनसंघ से लेकर भाजपा की मजबूती में दिए योगदान को याद दिलाने से जोड़कर देखा जा रहा है। इसके जरिए विरोधियों को यह जता दिया है कि भाजपा को मजबूत करने और राष्ट्रवाद की विचारधारा को पोषित करने में उनके और उनके परिवार को भी योगदान कम नहीं है।

दूसरा बयान- मैं आज गिरिराज भगवान के सामने प्रार्थना करती हूं कि वह हमें ताकत दें। दो हिस्सों में बंटी हुई गहलोत सरकार को मिलकर उखाडऩे का काम हम काम करेंगे। राजे का यह बयान उनके राजस्थान की राजनीति में सक्रिय रहने के संकेत है।

मतलब यह कि अब वे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी होने के बावजूद राजस्थान में लगातार सक्रिय रहेंगी। पिछले दिनों भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा था कि राजे की भूमिका राष्ट्रीय लेवल पर तय कर दी गई है। लेकिन राजे के आज के बयान से साफ है कि वे राजस्थान में ही मुख्यधारा की राजनीति करेंगी। आगे अब भाजपा में राजे और विरोधी खेमों के बीच वर्चस्व की लड़ाई होना तय माना जा रहा है।