
बिहार के दिग्गज आरजेडी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह का निधन हो गया है। दिल्ली एम्स में उन्होंने आखिरी सांस ली। हाल ही में रघुवंश प्रसाद सिंह की तबीयत बिगड़ने के उन्हें दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार देर रात अचानक ही उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें वेटिंलेटर सपोर्ट पर रखा गया। डॉक्टर लगातार उनकी सेहत की निगरानी कर रहे थे लेकिन तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। इस बीच रविवार को उनका निधन हो गया।
रघुवंश सिंह की हालत पिछले कई दिनों से लगातार नाजुक बनी हुई थी
पिछले कई दिनों से रघुवंश सिंह की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी । बताया जा रहा था कि उनको सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। दिल्ली के एम्स में इलाजरत रघुवंश बाबू की निगरानी 4 डॉक्टर, ICU में कर रहे थे। रविवार सुबह रघुवंश बाबू के परिवारवालों ने बताया था कि वो अभी भी वेंटिलेटर पर ही हैं और उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मालूम हो कि रघुवंश प्रसाद सिंह का इलाज 4 अगस्त से ही दिल्ली स्थित एम्स में चल रहा था और वो पिछले चार दिनों से वेंटिलेटर पर थे।
गुरुवार को रघुवंश प्रसाद सिंह ने आरजेडी मुखिया लालू प्रसाद यादव के नाम एक पत्र लिखा। जिसमें उन्होंने आरजेडी छोड़ने का ऐलान किया था। हालांकि, उनके आरजेडी से इस्तीफे को लालू यादव ने पत्र लिखकर नामंजूर कर दिया था। रघुवंश प्रसाद सिंह की गिनती राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव के करीबी लोगों में होती थी।