संघ और भाजपा सावरकर के महिमामंडन, गांधी एवं नेहरू का कद छोटा करने में जुटे हैं : शर्मा

अजमेर। कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय सचिव एवं राजस्थान के प्रभारी विष्णु शर्मा ने कहा कि आरएसएस एवं भारतीय जनता पार्टी, मोदी मीडिया द्वारा वीर सावरकर की महिमा मंडन कर महात्मा गांधी एवं जवाहरलाल नेहरू का कद छोटा करने का कुप्रयास कर रही है। कांग्रेस का कार्यकर्ता भाजपा एवं आरएसएस की इन नीतियों को कभी सफल नहीं होने देगा।

कांग्रेस सेवा दल के राष्ट्रीय सचिव शर्मा आज एक दिवसीय यात्रा पर पत्रकारों से औपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी मीडिया द्वारा वीर सावरकर पर डिबेट कर महिमामंडन कर आम जनता का महंगाई बेरोजगारी से ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है जिसमें वह कभी सफल नहीं होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र की भ्रष्ट मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और धर्मनिरपेक्ष देश को तोडऩे के कुप्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवा दल के कार्यकर्ता गांव गांव ढाणी ढाणी जाकर कांग्रेस की रीति एवं नीतियों का प्रचार-प्रसार कर जागरूक करेगा एवं भ्रष्ट मोदी सरकार की पोल खोलेगा।

उन्होंने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी देसाई ने कांग्रेस सेवादल को हर मतदान बूथ पर एक सेवा दल का कार्यकर्ता बनाने का दायित्व दिया है। कांग्रेस सेवा दल द्वारा सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। राजस्थान से 11 लाख सेवादल के सदस्य बनाए जाएंगे। अजमेर जिले में 50 हजार सदस्य बनाए जाएंगे। कांग्रेस सेवा दल के प्रभारी शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि कोई माफी मांग कर भी वीर हो गया, तो कोई सलवार पहनकर अमीर हो गया, कोई लाखों का सूट पहनकर भी फकीर गया और बेचारा किसान मेहनत करके भी गरीब हो गया।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण देश भुखमरी एवं बेरोजगारी के कगार पर पहुंच गया। इस अवसर पर राजस्थान कांग्रेस सेवादल महिला विभाग की कार्यकारी अध्यक्ष द्रोपदी कोली, अजमेर जिला देहात कांग्रेस सेवा दल के जिला अध्यक्ष जयशंकर चौधरी, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान महासचिव शिव कुमार बंसल, विजय नागौरा, पार्षद धीरज यादव, हेमन्त जोधा, विवेक कड़वा, विकास मीणा, ईश्वर राजोरिया, हरि प्रसाद जाटव आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें-वित्तीय समावेशन से प्रशस्त होता है आर्थिक विकास का मार्ग