नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी अपने पूरे शबाब पर है। बुधवार को दिल्ली में भीषण ठंड का दौर जारी रहा। यहां सुबह का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार शहर में 1997 के बाद से अब तक दिसंबर के महीने में सबसे लंबी अवधि वाले और बेहद ठंडे दिन रिकॉर्ड किए गए हैं।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली में 1997 के बाद से दिसंबर माह में अब तक का सबसे लंबा और बेहद ठंडा दिन दर्ज किया गया है। विभाग ने यह भी कहा कि दिल्ली ने दिसंबर 1997 में भीषण ठंड वाले 17 दिन देखे थे, इस बार लगातार भीषण ठंड वाले 10 दिन दर्ज किए गए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि बुधवार को ठंड बनी रहेगी और बाद में दिन में और ज्यादा ठंड बढऩे से स्थिति और बिगड़ेगी।
आईएमडी ने कहा कि बुधवार को अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। आपकों बता दें कि दिल्ली में मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 5.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।