अडाणी ग्रुप की कंपनियों के शेयरों में 45 प्रतिशत की गिरावट

अडाणी गु्रप की कंपनियों के निवेशकों को पिछले 15-20 दिनों में 2.34 लाख करोड़ रुपए का फटका लगा है। यानी गु्रप की लिस्टेड 6 कंपनियों के मार्केट कैप में इतनी गिरावट आई है। 11 जून को कुल मार्केट कैप 942,895 करोड़ रुपए था। शुक्रवार को यह 708,215 करोड रुपए पर आ गया है। यानी 234,680 करोड रुपए की कमी इसमें आई है।

दरअसल पिछले महीने गु्रप की कंपनियों में विदेशी निवेशकों के निवेश को फ्रीज किए जाने की खबर आई थी। इसी के बाद से गु्रप की कंपनियों के शेयरों में लगातार गिरावट जारी है। इसमें सबसे ज्यादा गिरावट अडाणी टोटल गैस और अडाणी ट्रांसमिशन के शेयरों में आई है।

ट्रांसमिशन का शेयर 1,647 रुपए से गिर कर 959 रुपए पर आ गया है। इसमें 41.77 प्रतिशत की गिरावट आई है। अडाणी टोटल गैस का शेयर 1,680 रुपए से घट कर 920 रुपए पर आ गया है। इसमें 45.23 प्रतिशत की कमी आई है।

इसी तरह अडाणी इंटरप्राइजेज का शेयर 1,718 रुपए से घट कर 1,422 रुपए पर आ गया है। इसमें 17.22 प्रतिशत की गिरावट आई है। पोर्ट कंपनी का शेयर 901 से गिर कर 710 रुपए पर आ गया है। इसमें 21.19 प्रतिशत की कमी आई है।

अडाणी ग्रीन एनर्जी का शेयर 1,394 रुपए से घट कर 1,008 रुपए पर आ गया है। इसमें 27.69 प्रतिशत की कमी आई है। अडाणी पावर का शेयर 34.73 प्रतिशत गिर कर 109 रुपए पर आ गया है। यह 167 रुपए पर कारोबार कर रहा था।

यह भी पढ़ें-एलआईसी ने होम लोन की ब्याज दरों को पहले से कम किया

Advertisement