
रांची
झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बन गए। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ दिलाई। रांची के मोरहाबादी मैदान में सोरेन के साथ आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली। समारोह के लिए 14 दलों के 30 नेताओं को न्यौता दिया गया था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समारोह में मौजूद थे। वहीं असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, माकपा नेता सीताराम येचुरी, कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडग़े, तमिलनाडु से राज्यसभा सांसद कनिमोझी, भाकपा महासचिव डी राजा, डीएमके से एमके स्टालिन आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह भी कार्यक्रम में पहुंचे।
मुख्यमंत्री गहलोत शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रविवार को रांची में झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने सोरेन को झारखण्ड राज्य के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी और आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में झारखण्ड की गठबंधन सरकार गरीब, वंचित, पिछड़े सहित समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए समर्पित भाव से कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने मंत्री पद की शपथ लेने पर रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम तथा सत्यानंद भोक्ता को भी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।