राजस्थान उप जिला प्रमुख चुनाव में बड़ा उलटफेर, सात जिलों में एक ही दिन में पलटे सियासी समीकरण!
राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के अगले ही दिन हुए उप जिला प्रमुख चुनावों ने कई जिलों में राजनीतिक तस्वीर बदल दी। 37 जिला परिषदों में हुए मतदान में कांग्रेस ने 25 पदों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा को आठ, भारत आदिवासी पार्टी को तीन और आरएलपी को एक सीट मिली। चूरू, ब्यावर और अजमेर में मुकाबले खासे दिलचस्प रहे।

- उप जिला प्रमुख चुनाव में बड़ा उलटफेर, सात जिलों में एक-दूसरे से सीटें छीनकर दलों ने बदले सियासी समीकरण।
- कुल 37 सीटों में से कांग्रेस ने 25, भाजपा ने 8, बीएपी ने 3 और आरएलपी ने एक सीट पर जमाया कब्जा।
- चूरू में कांग्रेस और ब्यावर में भाजपा का पलटवार, बालोतरा में लॉटरी से खुला भाजपा प्रत्याशी की किस्मत का ताला।
Major upset in Rajasthan’s ‘Up Zila Pramukh’ election : राजस्थान में जिला प्रमुख चुनाव के बाद उप जिला प्रमुख पदों के लिए हुए मतदान ने सियासी हलचल और बढ़ा दी। एक दिन पहले जिस पार्टी ने जिला प्रमुख का पद हासिल किया था, अगले ही दिन कई जगह उप जिला प्रमुख के चुनाव में दूसरी पार्टी ने बाजी मार ली। सात जिलों में बदले इन समीकरणों ने स्थानीय राजनीति में नए संकेत दिए हैं।
37 जिला परिषदों में हुए उप जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस सबसे आगे रही। पार्टी के 25 प्रत्याशी निर्वाचित हुए, जबकि भाजपा को आठ सीटें मिलीं। भारत आदिवासी पार्टी ने तीन और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने एक पद पर जीत दर्ज की। इससे पहले हुए जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस के 24, भाजपा के 10, बीएपी के दो और आरएलपी के एक प्रत्याशी को जीत मिली थी।
यह भी पढ़ें ; IITF 2026 में छाया भारतीय रेलवे : ‘वंदे भारत स्लीपर’ की झलक वाले पैवेलियन को मिला सिल्वर मेडल
चूरू में दोनों चुनावों के नतीजों में सबसे ज्यादा चर्चा रही। जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस की क्रॉस वोटिंग के कारण भाजपा की कनिका सिंह ने जीत दर्ज की थी। लेकिन उप जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने वापसी की और छोटूलाल मेघवाल को विजयी बनाया। ब्यावर में इसका उलट देखने को मिला। यहां जिला प्रमुख का पद कांग्रेस के खाते में गया था, लेकिन अगले दिन भाजपा के टीकम सिंह उप जिला प्रमुख निर्वाचित हो गए।
अजमेर में भाजपा ने नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा की भाभी सुनीता लांबा को उप जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया। मतदान में जीत के साथ उन्होंने भाजपा के खाते में यह पद जोड़ दिया। चुनाव के दौरान भाजपा के निर्वाचित सदस्य बस से जिला परिषद पहुंचे। मतदान स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
उदयपुर में भाजपा ने मावली के पूर्व विधायक दलीचंद डांगी पर दांव लगाया। वार्ड 15 से जिला परिषद सदस्य चुने गए डांगी का मुकाबला कांग्रेस के उदयलाल डामोर से था। भाजपा के बहुमत के चलते डांगी ने जीत हासिल की। इस तरह उन्होंने विधायक रहने के बाद अब जिला परिषद में उप जिला प्रमुख की जिम्मेदारी हासिल की।
यह भी पढ़ें ; अयोध्या से अरुणाचल तक ‘श्रीराम ध्वजा रथ यात्रा’ 4 दिसंबर से, परशुराम कुंड में होगी स्थापना
बालोतरा में मुकाबले का फैसला मतदान से नहीं, बल्कि लॉटरी से हुआ। भाजपा के जसाराम प्रजापत के पक्ष में लॉटरी निकलने के बाद उन्हें उप जिला प्रमुख निर्वाचित घोषित किया गया।
कुछ जिलों में चुनाव निर्विरोध भी संपन्न हुए। अलवर, धौलपुर, दौसा और जैसलमेर में कांग्रेस प्रत्याशियों के सामने कोई अन्य उम्मीदवार नहीं आया। दौसा में छोटूराम मीणा के खिलाफ केवल एक नामांकन दाखिल हुआ था। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी सौम्या झा ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर प्रमाण पत्र सौंपा और शपथ दिलाई। अलवर में वार्ड 32 से निर्वाचित अर्जुन सिंह कांग्रेस की ओर से उप जिला प्रमुख बने।
डूंगरपुर में कांग्रेस ने उप जिला प्रमुख पद के लिए अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। यहां भाजपा के हितेश रावल और भारत आदिवासी पार्टी की मंजूला रोत के बीच मुकाबला हुआ। मंजूला रोत तीन बार प्रधान रह चुकी हैं और वार्ड आठ से जिला परिषद सदस्य हैं। मतदान के दौरान भाजपा नेताओं ने एक कांग्रेस जिला परिषद सदस्य के पास निर्वाचन प्रमाण पत्र नहीं होने का आरोप लगाया, जिसके बाद वहां हंगामा हुआ।
सीकर में चुनावी प्रक्रिया के बीच पुलिस और वकीलों के बीच विवाद भी सामने आया। एक अधिवक्ता ने कोतवाली थाना प्रभारी पर अभद्रता का आरोप लगाया। इसके बाद बड़ी संख्या में वकील मतदान स्थल के पास जुटे और विरोध जताया। बाद में अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना दिया।
यह भी पढ़ें ; सपा का चुनावी घोषणापत्र जारी : युवाओं को 5,000 भत्ता, किसानों की कर्जमाफी और फ्री बिजली का बड़ा दांव!
जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के नतीजों में आए इस अंतर ने साफ कर दिया कि स्थानीय निकाय चुनावों में एक दिन के भीतर भी राजनीतिक समीकरण बदल सकते हैं। अलग-अलग जिलों में दलों की जीत और हार ने प्रदेश की सियासत को नई चर्चा दे दी है।



