जयपुर में कल से सजेगी सुरों की महफिल, दिग्गज कलाकार देंगे प्रस्तुति
जयपुर रागा फेस्टिवल का पहला संस्करण 28 और 29 नवंबर को नारायण निवास पैलेस में आयोजित होगा। दो दिवसीय महोत्सव में पद्म भूषण पं. साजन मिश्र, पं. राजेंद्र गंगानी, पद्मश्री उस्ताद मोइनुद्दीन खान और ग्रैमी नामांकित बांसुरी वादक पं. शशांक सुब्रमण्यम जैसे प्रतिष्ठित कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। संगीत प्रस्तुतियों के साथ कार्यशालाएं, कथक, सारंगी और सत्रिया नृत्य भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
- जयपुर के होटल नारायण निवास पैलेस में 28 और 29 नवंबर को पहले ‘रागा फेस्टिवल’ का भव्य आयोजन होगा।
- शास्त्रीय संगीत की इस महफिल में पद्म भूषण पं. साजन मिश्र, पं. राजेंद्र गंगानी, उस्ताद मोइनुद्दीन खान और पं. शशांक सुब्रमण्यम प्रस्तुति देंगे।
- रागा फेस्टिवल में हिंदुस्तानी गायन, कथक, सारंगी और असमिया सत्रिया नृत्य के साथ कार्यशालाओं व छात्रवृत्तियों की घोषणा भी होगी।
A musical gathering will unfold in Jaipur starting tomorrow : गुलाबी नगरी में अगले दो दिन भारतीय शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक कलाओं के नाम रहेंगे। शहर के नारायण निवास पैलेस में 28 और 29 नवंबर को पहले जयपुर रागा फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। कणिका पांडे फाउंडेशन की इस पहल में देश के नामचीन कलाकारों के साथ उभरती प्रतिभाओं को भी अपनी कला दिखाने का अवसर मिलेगा।
महोत्सव में केवल संगीत की प्रस्तुतियां ही नहीं होंगी, बल्कि भारतीय सांस्कृतिक विरासत को करीब से समझने के लिए कई विशेष गतिविधियां भी रखी गई हैं। इनमें संगीत कार्यशालाएं, नृत्य परिचय सत्र, वाद्य यंत्र बनाने और उनके रखरखाव का लाइव प्रदर्शन तथा फाउंडेशन की छात्रवृत्तियों की घोषणा शामिल है।
यह भी पढ़ें ; जयपुर में ISFL क्रिकेट लीग का आगाज, 12 टीमों में होगी टक्कर
फेस्टिवल में पद्म भूषण पं. साजन मिश्र, जयपुर घराने के प्रतिष्ठित कथक कलाकार और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित पं. राजेंद्र गंगानी, पद्मश्री उस्ताद मोइनुद्दीन खान और ग्रैमी पुरस्कार के लिए नामांकित कर्नाटक बांसुरी वादक पं. शशांक सुब्रमण्यम प्रमुख आकर्षण होंगे। इनके अलावा डॉ. पुष्कर लेले, सबीना मुमताज इस्लाम, संजुक्ता बिस्वास, पेरीन लेगूलों और पार्थ प्रतिम हजारिका भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
पहले दिन बांसुरी वादन और कथक की खास प्रस्तुति
28 नवंबर को सुबह 10 बजे उद्घाटन समारोह के साथ महोत्सव की शुरुआत होगी। सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक पं. शशांक सुब्रमण्यम बांसुरी वादन करेंगे। इस दौरान मृदंगम और तबले पर संगत होगी।
दोपहर 2 बजे सितार निर्माता नईम वाद्य यंत्र निर्माण की प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे से 3:45 बजे तक पुणे के प्रसिद्ध हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक डॉ. पुष्कर लेले संगीत रसास्वादन कार्यशाला आयोजित करेंगे।
शाम के कार्यक्रमों में कोलकाता की गायिकाओं सबीना मुमताज इस्लाम और संजुक्ता बिस्वास की गायन जुगलबंदी होगी। शाम 5 से 6:30 बजे तक होने वाली इस प्रस्तुति में तबले पर अभिषेक मिश्रा और हारमोनियम पर राजेंद्र बनर्जी संगत करेंगे। पहले दिन का समापन शाम 7 से 8:30 बजे तक पं. राजेंद्र गंगानी की कथक प्रस्तुति के साथ होगा।
कलाकारों और संगीत प्रेमियों को जोड़ने की पहल
कणिका पांडे फाउंडेशन की संस्थापक कणिका पांडे ने कहा कि जयपुर उनका अपना शहर है और इस महोत्सव के जरिए वे यहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत में योगदान देना चाहते हैं। उनका प्रयास है कि फेस्टिवल सिर्फ मंचीय प्रस्तुतियों तक सीमित न रहे, बल्कि कार्यशालाओं और संवाद के माध्यम से कलाकारों तथा संगीत प्रेमियों के बीच बेहतर जुड़ाव भी बने।
यह भी पढ़ें ; 8 दिसंबर से सजेगा प्रवासी राजस्थानी दिवस का मंच, 7,500 से ज्यादा पंजीकरण
फाउंडेशन के सह-संस्थापक सुधाकर पांडे ने कहा कि जयपुर में घरानेदार संगीत और पारंपरिक महफिलों की समृद्ध परंपरा रही है। इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना उनका सपना है। जयपुर रागा फेस्टिवल इसी दिशा में एक प्रयास है, जिसके माध्यम से संगीत के जरिए समुदाय को जोड़ने और शास्त्रीय कलाओं को प्रोत्साहित करने की कोशिश की जा रही है।
शास्त्रीय संगीत के संरक्षण पर फाउंडेशन का जोर
कणिका पांडे और सुधाकर पांडे द्वारा स्थापित कणिका पांडे फाउंडेशन भारतीय शास्त्रीय संगीत और कलाओं के संरक्षण, कलाकारों को सहयोग देने तथा संगीत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए काम करता है। संस्था आयकर अधिनियम की धारा 12A और 80G के तहत पंजीकृत है। इस आयोजन में राजस्थान पर्यटन लोगो पार्टनर और होटल नारायण निवास पैलेस वेन्यू पार्टनर है।



