तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्री से श्रीलंकाई नौसेना द्वारा 55 भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी के मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने विदेश मंत्री डा. एस जयशंकर से श्रीलंकाई नौसेना द्वारा 55 भारतीय मछुआरों की गिरफ्तारी के मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। उन्होंने इस संबंध में विदेश मंत्री को पत्र लिखा है।

इसमें उन्होंने कहा कि श्रीलंकाई नौसेना ने पिछले 24 घंटे के दौरान दो घटनाओं में 55 मछुआरों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने इन मछुआरों और 73 मछली पकडऩे वाली नौकाओं की तत्काल रिहाई का अनुरोध किया है।

स्टालिन ने अपने पत्र में कहा, रामेश्वरम, रामनाथपुरम जिले के 43 मछुआरे छह मशीनीकृत नौकाओं में पाल्क खाड़ी में मछली पकड़ रहे थे। उन्हें 18 दिसंबर को गिरफ्तार कर श्रीलंका के नौसेना बेस मायलाट्टी ले जाया गया।

19 दिसंबर को एक अन्य घटना में, मंडपम, रामनाथपुरम जिले से दो नौकाओं में 12 मछुआरों को गिरफ्तार किया गया और उन्हें श्रीलंका में नौसेना बेस कल्पट्टी ले जाया गया। मुख्यमंत्री ने कहा, मुझे यह बताते हुए दुख हो रहा है कि तमिलनाडु सरकार द्वारा भेजे गए कई पत्रों के बावजूद श्रीलंकाई नौसेना द्वारा मछुआरों की गिरफ्तारी और उत्पीडऩ की घटनाएं लगातार जारी हैं।

यह भी पढ़ें-अखिलेश का योगी सरकार हमला, कहा-इनकम टैक्स विभाग का इस्तेमाल किया जा रहा, उन्हें डर यूपी में सपा की सरकार न बन जाए