
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का कार्यकर्ताओं के साथ संभागवार संवाद , भाजपा जोधपुर संभाग में नया इतिहास रचाएगी : शेखावत
जोधपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि राजस्थान का यह चुनाव वर्ष 2024 में केन्द्र में नरेन्द्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। इसलिए सभी को कमल के फूल को खिलाने में जुट जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा का शासन आने पर ही राजस्थान में सत्ता का मार्ग प्रशस्त होगा।
नड्डा ने सोमवार को जोधपुर संभाग के पार्टी के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। इस संवाद बैठक में आगामी चुनाव के मद्देनजर कार्यकर्ताओं के काम की गति और उत्पादकता बढ़ाने के टिप्स दिए। इस अवसर पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा का गर्मजोशी से स्वागत किया और कहा कि जोधपुर संभाग में करीब 33 विधानसभा सीट हैं, हर सीट कमल खिलाने को लेकर कार्यकर्ता दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ काम कर रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इस भाजपा कार्यकर्ता नया इतिहास बनाकर मोदी जी को यहां से 33 कमल सौंपने संकल्प कर चुके। परिवर्तन के संकल्प को साकार करने को चुनावी अभियान में उतर चुके हैं।
संवाद कार्यक्रम की जानकारी देते हुए केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने पत्रकारों को बताया कि सभी जिले के कार्यकर्ताओं के साथ संवादी बैठक हुई। पहले चरण में जैसलमेर, बाड़मेर, जालोर और सिरोही के भाजपा के विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी, जिले के अध्यक्ष व महामंत्री और चुने हुए जन प्रतिनिधियों के साथ बैठकर की। दूसरे चरण जोधपुर के तीन जिलों और पाली जिले के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इसमें भाजपा की सांगठनिक तैयारियों पर चर्चा की गई। चुनाव के मद्देनजर की गई तैयारियों पर चर्चा की और शेष बचे कामों का लेखा-जोखा करते हुए संगठन की धार को कैसे पैना किया जा सकता है। इस पर बात की। शेखावत ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं को अब फोकस एप्रोच के साथ काम करना है। बैठक में कार्यकर्ताओं के सामर्थ्य को बढ़ाते हुए इस चुनाव की तैयारी को लेकर चर्चा की। साथ ही अध्यक्ष जी ने कार्यकर्ताओं को काम की गति और उत्पादकता बढ़ानेे के टिप्स दिए।
विरोध तात्कालिक, सब ठीक हो जाएगा : शेखावत
केन्द्रीय मंत्री ने भाजपा की पहली सूची आने के बाद कई विधानसभा क्षेत्रों में उपजे असंतोष पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह असंतोष तात्कालिक है और समय के साथ सब ठीक हो जाएगा। अभिनंदन में पलक पांवड़े बिछाए, पुष्प वर्षा से स्वागत राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सोमवार को विशेष वायुयान से जोधपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर केन्द्रीय मंत्री शेखावत सहित अनेक भाजपा नेताओं, जन प्रतिनिधियों ने उनका अभिनंदन किया। जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा के नेतृत्व बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत गया।
एयरपोर्ट पर केन्द्रीय मंत्री शेखावत, केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, पाली सांसद पीपी चौधरी, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत, पूर्व सांसद नारायण पंचारिया, महापौर वनिता सेठ, राष्ट्रीय सचिव विजया राहटकर, प्रदेश महामंत्री जगबीर छाबा, पूर्व मंत्री वासुदेव देवनानी, जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा सहित अनेक कार्यजर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। मंत्री शेखावत ने कार्यकर्ताओं का परिचय कराया। यहां से केन्द्रीय मंत्री शेखावत के साथ भाजपा की संभाग स्तरीय संघटनात्मक बैठक में शामिल होने के लिए पाल रोड स्थित होटल पहुंचे। वहां भी उनका धूमधड़ाके स्वागत किया गया। जोधपुर शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा, देहात दक्षिण अध्यक्ष जगराम विश्नोई, देहात उत्तर के अध्यक्ष मनोहर पालीवाल बैठक में मौजूद रहे।
ये पदाधिकारी रहे मौजूद
जोधपुर संभाग की संगठनात्मक बैठक में जोधपुर शहर, जोधपुर देहात उत्तर, जोधपुर देहात दक्षिण, पाली, जालोर, सिरोही, बाड़मेर, जैसलमेर, बालोतरा, बालेसर के स्थानीय राष्ट्रीय पदाधिकारी, मोर्चा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, सांसद, विधायक, संभाग प्रभारी, सहप्रभारी, आईटी प्रमुख, प्रकोष्ठ, विभाग के राष्ट्रीय संयोजक, सह-संयोजक, बुद्धिजीवी सहसंयोजक, विभिन्न विभागों के संयोजक, सहसंयोजक, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, विधानसभा संयोजक, विधानसभा प्रभारी सम्मिलित हुए। इस दौरान जनप्रतिनिधि, जिला के पदाधिकारी, मण्डल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, विभाग के संयोजक, शक्ति केन्द्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, बूथ समिति के कार्यकर्ता सहित बूथ स्तर के कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।